1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. मल्लिकार्जुन खड़गे 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालेंगे, सोनिया गांधी और प्रियंका ने दी बधाई
मल्लिकार्जुन खड़गे 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालेंगे, सोनिया गांधी और प्रियंका ने दी बधाई

मल्लिकार्जुन खड़गे 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालेंगे, सोनिया गांधी और प्रियंका ने दी बधाई

0
Social Share

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दीपावली बाद 26 अक्टूबर को अपना पद संभालेंगे। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार शाम यह जानकारी दी।

इस बीच कांग्रेस की निवर्तमान अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दोपहर में चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पहुंचीं और पार्टी अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। सोनिया और प्रियंका ने खड़गे की पत्नी राधाबाई खड़गे से भी मुलाकात की।

इससे पहले कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने खड़गे को कांग्रेस का निर्वाचित अध्यक्ष घोषित किया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। खड़गे को 7,897 वोट मिले जबकि थरूर 1,072 वोट पा सके।

राहुल बोले – खड़गे का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी

वहीं कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में व्यस्त पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी खड़गे को जीत पर बधाई दी और कहा कि इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को संभालने जा रहे खड़गे का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी।

राहुल ने ट्वीट किया, ‘मल्लिकार्जुन खड़गे जी को कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई। कांग्रेस अध्यक्ष भारत के लोकतांत्रिक दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है। इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को संभालने जा रहे खड़गे जी का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी।’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर में कहा, ‘कांग्रेस पार्टी में सालों बाद चुनाव हुए हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे को भारी बहुमत से जीत मिली है। मैं उन्हें बधाई देता हूं। मैं विश्वास करता हूं कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी और आगे बढ़ेगी।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘खड़गे साहब का अध्यक्ष बनना हमारे लिए गर्व की बात है। वे बेहद अनुभवी वरिष्ठ नेता हैं। खड़गे जी के नेतृत्व में आने वाले समय में कांग्रेस और मज़बूत होगी। सोनिया जी और राहुल जी का पूरा समर्थन उनके साथ रहेगा।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code