1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष, 7897 वोट मिले, शशि थरूर 1072 मत पा सके
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष, 7897 वोट मिले, शशि थरूर 1072 मत पा सके

मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष, 7897 वोट मिले, शशि थरूर 1072 मत पा सके

0
Social Share

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। मल्लिकार्जुन खड़गे देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को हुई मतगणना में खड़गे को 7,897 वोट मिले जबकि शशि थरूर मात्र 1,072 मत पा सके। 416 वोट अमान्य हुए। लगभग 24 वर्षों बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया है।

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे विजयी रहे। उन्हें 7897 वोट मिले और शशि थरूर को 1072 वोट मिले हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में 9385 वोट पड़े और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए हैं।

पार्टी मुख्यालय में मतगणना बुधवार पूर्वाह्न 10 बजे के बाद आरंभ हुई। इस मौके पर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के प्रस्तावक सांसद कार्ति चिदंबरम और कुछ अन्य चुनावी एजेंट मौजूद रहे। दूसरे उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से सांसद सैयद नासिर हुसैन और कुछ अन्य नेता मौजूद थे।

सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत 9,385 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार, 18 अक्टूबर को मतदान किया था। मधुसूदन मिस्त्री ने बताया था कि करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ था।

वैसे देखा जाए तो गांधी परिवार से करीबी और कई वरिष्ठ नेताओं के समर्थन के चलते खड़गे की दावेदारी पहले से ही मजबूत मानी जा रही थी। कांग्रेस के करीब 9900 डेलीगेट पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करने के पात्र थे। कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है।

कांग्रेस के इतिहास में सिर्फ छठी बार हुआ चुनाव

पार्टी महासचिव जयराम रमेश के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ । उन्होंने बताया कि इस चुनाव से 24 वर्षों बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code