महाराष्ट्र : ठाणे में पैसेंजर वैन व सीमेंट मिक्सर वाहन के बीच भीषण टक्कर, 11 लोगों की मौत
ठाणे (महाराष्ट्र), 13 अप्रैल। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को पूर्वाह्न भयावह हादसा हुआ, जब एक पुल पर पैसेंजर वैन व सीमेंट मिक्सर वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। जिला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह दुर्घटना मुरबाद के गोविली गांव में रायता पुल पर पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुई, जब वैन विपरीत दिशा से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याण से मुरबाड़ की ओर जा रही पैसेंजर वैन (टमटम) की विपरीत दिशा से आ रही सीमेंट मिक्सर गाड़ी से टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में बैठे यात्रियों को संभलने का एक पल भी नहीं मिला। आस-पास के लोगों, पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को वैन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में ईको पैसेंजर वैन सवार सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। इनमें दो कॉलेज छात्र और मुरबाद तहसीलदार ऑफिस में क्लर्क भूषण घोरपड़े शामिल हैं।
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा, ‘इस हादसे के लिए ओमनी वैन का ड्राइवर जिम्मेदार है। सिर्फ छह यात्री ले जाने की अनुमति होने के बावजूद उसने गाड़ी में 11 लोगों को बैठा रखा था। यात्रियों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त काररवाई की जाएगी। जिन लोगों की जान गई है, उन्हें कोई मदद दी जा सकती है या नहीं, इस बारे में मुख्यमंत्री से बात की जाएगी।’
