Homeहिन्दीराष्ट्रीयMaharashtra ATS Raid : पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर एटीएस...

Maharashtra ATS Raid : पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर एटीएस का बड़ा एक्शन, कई शहरों में छापेमारी

मुंबई, 14 जुलाई। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू किया है। बुधवार को पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ समेत राज्य के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान एटीएस की कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचीं और पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया।

महाराष्ट्र एटीएस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसियों का कहना है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे माध्यमों का कथित तौर पर संपर्क स्थापित करने और नेटवर्क फैलाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल एटीएस सभी संदिग्ध संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

10 जुलाई को भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

इससे पहले 10 जुलाई को भी महाराष्ट्र एटीएस ने शहजाद भट्टी के संपर्क में आए संदिग्धों के खिलाफ व्यापक तलाशी और पूछताछ अभियान चलाया था। उस दौरान एटीएस की 14 यूनिटों की 58 टीमों ने राज्यभर में 102 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश की जा रही थी।

सहयोगियों की भी जांच के दायरे में

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शहजाद भट्टी के साथ उसके कथित सहयोगी आबिद जाट, अजमल गुजर और हम्माद मेमन भी इस नेटवर्क का हिस्सा बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, ये लोग विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे।

संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल करने का आरोप

एटीएस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह कथित नेटवर्क धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल कर युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसों का लालच देकर उन्हें कथित देश विरोधी गतिविधियों और संभावित स्लीपर सेल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था। फिलहाल महाराष्ट्र एटीएस की कार्रवाई जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments