1. Home
  2. देश-विदेश
  3. प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के आदर्श, रामनवमी पर सीएम योगी और नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं
प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के आदर्श, रामनवमी पर सीएम योगी और नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के आदर्श, रामनवमी पर सीएम योगी और नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
Social Share

नई दिल्ली, 27 मार्च। धर्म, सत्य और मर्यादा के श्रेष्ठतम प्रतीक प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर देशभर में ‘रामनवमी’ का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी। हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी॥ समस्त देशवासियों को श्री रामनवमी के महापर्व की हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं। हम सबके आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की कृपा सब पर बनी रहे। हर घर में प्रेम, सौहार्द, मर्यादा और संस्कार के पुष्प पल्लवित हों, सबका जीवन सानंद व्यतीत हो, प्रभु के श्रीचरणों में यही प्रार्थना करता हूं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “धर्म, सत्य और मर्यादा के श्रेष्ठतम प्रतीक प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव ‘श्री रामनवमी’ की सभी श्रद्धालुओं और प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के वे आदर्श हैं, जिनमें करुणा और कर्तव्य का अद्भुत संतुलन है। उनका जीवन स्मरण कराता है कि शक्ति का सौंदर्य मर्यादा में है और विजय का अर्थ लोकमंगल में।” उन्होंने आगे लिखा, “रामनवमी का यह पावन दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम अपने आचरण में सत्य, व्यवहार में करुणा और समाज में समरसता को स्थान दें, यही ‘रामत्व’ का सच्चा उत्सव है। प्रभु श्री राम की कृपा से आप सभी के जीवन में शांति, संतुलन और सद्भाव बना रहे, यही मंगलकामना है।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पोस्ट में लिखा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। भगवान राम का जीवन पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन मानव प्रेम, सद्भाव, सहनशीलता, त्याग-तपस्या और मर्यादा का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी असीम भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। आप सभी पावन पर्व रामनवमी को प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रामनवमी पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “भगवान श्रीराम का जीवन संयम, समर्पण, सहयोग और मूल्यों पर अडिग रहने के भाव से परिपूर्ण था। उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ अनाचार का विरोध करने और कठिनाइयों का साहस से सामना करने की प्रेरणा दी। मध्य प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि अयोध्या की तरह चित्रकूट धाम और ओरछा तीर्थ यहां पर हैं, जो मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन और योगदान का स्मरण करवाते हैं। भगवान श्रीराम के आदर्श सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।”

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्श जीवन के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम जी के पावन जन्मोत्सव श्री रामनवमी की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम जी का जीवन हमें सत्य के मार्ग पर चलने, कर्तव्य का पालन करने और हर परिस्थिति में धैर्य व मर्यादा बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उनकी कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, स्वास्थ्य और सफलता का वास हो, यही मंगलकामना है।”

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि भारत की आस्था और अटूट श्रद्धा के प्रतीक प्रभु श्री राम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें एवं सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य और सौभाग्य लाएं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code