
भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की संख्या 30 हजार से कम, लगभग 35 हजार स्वस्थ
नई दिल्ली, 12 सितम्बर। दक्षिणी राज्य केरल में कोरोना संक्रमितों की संख्या तनिक कम होते ही राष्ट्रीय स्तर पर भी इसका असर दिखा और शनिवार को देशभर में 30 हजार से कम 28,591 नए केस पाए गए। इसके सापेक्ष 34,848 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 338 लोगों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक्टिव केस में 6,595 की गिरावट, रिकवरी रेट 97.51%
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार एक्टिव केस में 6,595 की गिरावट के बीच शनिवार तक देश में 1.16 फीसदी की दर से 3,84,921 मरीज इलाजरत हैं। इस क्रम में 97.51 फीसदी की दर से 3.24 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 2.17% प्रतिशत है, जो पिछले 79 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है जबकि दैनिक पॉजिटिविटी दर 1.87 प्रतिशत है, पिछले 13 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है।
केरल में लगभग 20 हजार नए संक्रमित, 181 मौतें
राज्यों की बात करें तो केरल में संक्रमण थोड़ा नरम दिखा और बीते 24 घंटे के भीतर 20,487 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो यह इकलौता राज्य रहा, जहां दिनभर में 100 से ज्यादा 181 मौतें हुईं। 26,155 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ एक्टिव केस में 5,849 की बड़ी गिरावट देखने को मिली और राज्य में शनिवार तक कुल इलाजरत मरीजों की संख्या 2,32,352 दर्ज की गई। हालांकि शनिवार को भी 15 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े, जिनमें अधिकतम वृद्धि 95 तमिलनाडु में रही।
अब तक 73.82 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण
इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 239 दिनों में अब तक 73.82 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें शनिवार को 72.86 लाख लोगों ने टीकाकरण का लाभ लिया। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अनुसार शनिवार को 15.30 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 11 सितम्बर तक 54.17 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –
24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 28,591
24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 34,848
24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 338
अब तक कुल संक्रमित : 3,32,36,921
अब तक कुल स्वस्थ : 3,24,09,345
रिकवरी दर : 97.51%
अब तक कुल मौतें : 4,42,655
मृत्यु दर : 1.33%
इलाजरत मरीज : 3,84,921 (दैनिक गिरावट 6,595)
सक्रियता दर : 1.16%
24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 72,86,883
239 दिनों में कुल टीकाकरण : 73,82,07,378
24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 15,30,125
अब तक कुल सैम्पल की जांच : 54,17,27,114.