1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन ने गिराई एक और सीड, छठे वरीय ली शी फेंग को हरा सेमीफाइनल में
ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन ने गिराई एक और सीड, छठे वरीय ली शी फेंग को हरा सेमीफाइनल में

ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन ने गिराई एक और सीड, छठे वरीय ली शी फेंग को हरा सेमीफाइनल में

0
Social Share

बर्मिंघम, 6 मार्च। भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने यहां ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप में धाकड़ प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और बड़ी सीड गिराने के साथ तीसरी बार पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

बर्मिंघम के युटिलिटा एरेना में पहले ही दिन मौजूदा विश्व नंबर एक, टॉप सीड व गत चैम्पियन चीनी स्टार शी युकी को हतप्रभ करने वाले 24 वर्षीय लक्ष्य ने शुक्रवार को कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के छठे मैच में छठे नामांकित चीन के ही ली शी फेंग को सीधे गेमों में 21-13, 21-16 से किनारे लगा दिया।

भारतीय शटलर ने शुरू से कोर्ट पर अपनी पकड़ बनाए रखी

विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद लक्ष्य सेन ने एक घंटा तक चले मैच में शुरू से ही कोर्ट पर अपनी पकड़ बनाए रखी। लक्ष्य की फुर्ती और उनके स्मैश इतने सटीक थे कि चीनी खिलाड़ी के पास उनका कोई जवाब नहीं था। लक्ष्य ने न केवल आक्रामक खेल दिखाया बल्कि अपने डिफेंस से भी सबको हैरान कर दिया।

पहले गेम में लक्ष्य ने शुरुआत में ही 9-4 की बढ़त बना ली थी। दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने लंबी रैलियों के जरिए वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य ने धैर्य बनाए रखा और सटीक स्मैश के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

सेन की अब कनाडाई विक्टर लाइ से होगी मुलाकात

इस जीत के साथ ही लक्ष्य ने शी फेंग के खिलाफ अपना मैच रिकॉर्ड 8-7 कर लिया है। लक्ष्य की अब फाइनल में प्रवेश के लिए शनिवार को कनाडाई विक्टर लाइ से मुलाकात होगी। विश्व रैंकिंग में 16वें नंबर पर काबिज विक्टर ने जापानी कोकी वातानबे को एक घंटा 19 मिनट की कश्मकश में 18-21, 21-17, 21-15 से शिकस्त दी।

युटिलिटा एरेना में तीसरी बार सेमीफाइनल खेलेंगे लक्ष्य

देखा जाए तो लक्ष्य सेन के लिए ऑल इंग्लैंड ओपन हमेशा से खास रहा है। यह तीसरी बार है, जब वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। सबसे पहले 2022 में वह फाइनल तक पहुंचे, लेकिन विक्टर एक्सेल्सन से हारकर उपविजेता रहे। इसके बाद वर्ष 2024 में सेमीफाइनल में उन्हें जोनाथन क्रिस्टी से मात खानी पड़ी थी। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारतीय शटलर की यहां खिताबी साध पूरी हो पाती है अथवा नहीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code