ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन : लक्ष्य सेन का बड़ा उलटफेर, गत चैम्पियन शी युकी को पहले ही दौर में चौंकाया
बर्मिंघम, 3 मार्च। भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन ने मंगलवार को यहां अपनी मानसिक मजबूती और शारीरिक ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियशिप के पहले दौर में मौजूदा विश्व नंबर एक व गत चैम्पियन चीनी स्टार शी युकी को हतप्रभ कर दिया।
78 मिनट तक खिंचे तीन गेमों के संघर्ष में विश्व नंबर एक शी पिटे
युटिलिटा एरेना के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में विश्व नंबर 12 लक्ष्य ने तीन गेमों तक खिंची 78 मिनट की कश्मकश में 23-21, 19-21, 21-17 से जीत हासिल की। उन्होंने दुनिया के युकी को व्यक्तिगत मुकाबले में पहली बार हराया। हालांकि चीनी स्टार से छह मुलाकातों में यह उनकी दूसरी जीत थी। लक्ष्य ने 2023 में एशियाई खेलों की टीम चैम्पियनशिप में पहली जीत हासिल की थी।
What a match! 🔥#BWFWorldTour #AllEngland2026 pic.twitter.com/NvzrRnstnE
— BWF (@bwfmedia) March 3, 2026
कोच विमल कुमार ने बताया, ‘लक्ष्य आज बहुत शांत और स्थिर था। शुरू से ही उसने शी युकी को हर अंक के लिए कड़ी मेहनत करवाई और आखिरकार चीन का खिलाड़ी थकने लगा। दूसरे गेम में एक समय मुझे लगा कि लक्ष्य थोड़ा थक रहा है, लेकिन वह अच्छी तरह से इससे उबर गया और अपना स्तर बेहतर किया। उसका अटैकिंग खेल भी बहुत बढ़िया था। कुल मिलाकर यह आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत थी।’
पहले गेम में लक्ष्य ने 20-20 पर चार गेम अंक गवाए
उत्तराखंड के 24 वर्षीय शटलर लक्ष्य ने तेज शुरुआत की और ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली। उन्होंने इसे 17-12 तक पहुंचाया, लेकिन शी युकी ने जोरदार वापसी करते हुए तीन गेम अंक बचाए और 20-20 पर बराबरी हासिल कर ली। लक्ष्य ने चौथा गेम अंक भी गंवाया। चीनी खिलाड़ी ने हालांकि बैकहैंड शॉट नेट पर उलझाकर लक्ष्य को पांचवां गेम अंक दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन शी युकी ने इसे 21-19 से जीतकर मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींच दिया। निर्णायक गेम में 6-6 के स्कोर के बाद शी युकी ने कुछ देर के लिए बढ़त बनाई, लेकिन लक्ष्य ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल करने में सफल रहे। भारतीय सितारे ने इस बढ़त को 16-11 किया और फिर स्मैश के साथ 18-14 से आगे हो गए। लक्ष्य ने शानदार विनर के साथ 19-16 की बढ़त बनाई और फिर चार मैच अंक हासिल किए। शी युकी ने एक मैच अंक बचाया, लेकिन इसके बाद शॉट बाहर मारकर मैच को भारतीय खिलाड़ी की झोली में डाल दिया।
उन्नति व मालविको को सीडेड शतलरों से हार झेलनी पड़ी
अन्य मुकाबले में भारतीय प्रतिनिधित्व की बात करें तो महिला एकल में विश्व नंबर 27 उन्नति हूडा को कोर्ट नंबर एक पर ही आठवीं वरीय थाई स्टार पोर्नवापी चोचुवांग के हाथों 44 मिनट में 12-21, 18-21 से मात खानी पड़ी। वहीं कोर्ट नंबर चार पर विश्व नंबर 52 मालविका बंसोड तीसरी सीड चीन की चेन यू फेई के खिलाफ सिर्फ 30 मनट में 11-21, 6-21 से हार गईं।
ध्रुव व तनीषा की मिश्रित युगल में जीत से शुरुआत
कोर्ट नंबर चार पर ही ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी ने हू पेंग रोन व चेंग सू यिन की मलेशियाई टीम को 41 मिनट में 21-17, 21-19 से हराया और अंतिम 16 में जगह बनाई,
पीवी सिंधु को दुबई एयरपोर्ट से स्वदेश लौटना पड़ा
उल्लेखनीय है कि महिला एकल में शीर्ष भारतीय शटलर व पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु को भी भाग लेना था, लेकिन ईरान पर जारी इजराइल व अमेरिका के संयुक्त हवाई हमलों के बीच मध्य-पूर्व में एयरस्पेस बंद होने के कारण वह दुबई हवाई अड्डे पर फंसी रह गईं और अंततः बड़ी मुश्किल से मंगलवार को स्वदेश लौटीं।
चिराग व सात्विकसाईराज बुधवार खेलेंगे अपना पहला मैच
इस बीच पुरुष एकल में चतुर्थ वरीय चिराग शेट्टी व सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। अंतिम 32 के दौर में भारतीय जोड़ी का सामना मलेशियाई के कांग खाइ झिंग व आरोन तई से होगा।
