चंडीगढ़, 23 अगस्त। कांग्रेस के भीतर 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी रहे सज्जन कुमार की तारीफ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) से हटाने की मांग की है।कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि दीपेंद्र हुड्डा की ओर से सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताए जाने से सिख समुदाय में नाराजगी पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि इस बयान से कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान हो सकता है और विपक्षी दल भी इस मुद्दे को चुनावी फायदे के लिए उठा रहे हैं।
‘सिख समुदाय में नाराजगी’
खड़गे को लिखे पत्र में कुलदीप शर्मा ने कहा कि जब से दीपेंद्र हुड्डा ने दिवंगत सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताते हुए उनकी तारीफ की है, तब से देशभर के सिख समुदाय में नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और पंजाब में उनके सिख साथियों ने फोन कर हुड्डा के बयान पर आपत्ति जताई है। कुलदीप शर्मा ने कहा कि किसान आंदोलन के बाद सिख समुदाय ने बड़ी संख्या में कांग्रेस का समर्थन किया था। उनके मुताबिक, इस बयान के बाद समुदाय के कुछ लोग पार्टी को समर्थन देने पर फिर से विचार कर रहे हैं।
2027 पंजाब चुनाव का दिया हवाला
कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह का बयान कांग्रेस की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपेंद्र हुड्डा का बयान न केवल पार्टी के लिए नुकसानदायक है, बल्कि इससे सिख समुदाय के पुराने जख्म भी फिर से ताजा हुए हैं। कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पहले ही सज्जन कुमार से खुद को पूरी तरह अलग कर चुकी है।
‘दीपेंद्र हुड्डा को CWC से हटाया जाए’
कुलदीप शर्मा ने कहा कि पार्टी को सिख समुदाय के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि विवादित बयान के बाद दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की मंशा और 1984 के दंगा मामले को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट होगा। शर्मा ने आरोप लगाया कि इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयानों से कांग्रेस कमजोर हुई है, खासकर उस समुदाय के बीच जो पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका रखता है।
सज्जन कुमार की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद
गौरतलब है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए और दो उम्रकैद की सजा काट रहे सज्जन कुमार का 20 अगस्त को नई दिल्ली में 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। इसके बाद दीपेंद्र हुड्डा ने उन्हें ‘रोल मॉडल’ बताते हुए उनके निधन को ‘अपूरणीय क्षति’ करार दिया था। इसी बयान को लेकर कांग्रेस के भीतर से विरोध सामने आया है और अब पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।


