1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. कोलकाता गोदाम हादसा: तारातला में मृतकों की संख्या 14 हुई, 24 घंटे बाद भी मलबे में जारी है तलाश अभियान
कोलकाता गोदाम हादसा: तारातला में मृतकों की संख्या 14 हुई, 24 घंटे बाद भी मलबे में जारी है तलाश अभियान

कोलकाता गोदाम हादसा: तारातला में मृतकों की संख्या 14 हुई, 24 घंटे बाद भी मलबे में जारी है तलाश अभियान

0
Social Share

कोलकाता, 26 जून। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। हादसे के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।

19 लोगों को मलबे से निकाला गया

शुक्रवार सुबह भी बचाव दल ने मलबे से कुछ लोगों को बाहर निकाला। अब तक कुल 19 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। घायलों का इलाज कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की सूची जारी

राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों की सूची जारी कर दी है। इनमें कृष्णा चौधरी (30), रोहित चौधरी (40), राहुल चौधरी (17), चंद्रमा चौधरी (60), पप्पू रजक (40), असगर हुसैन (55), साहिल सरदार (17), घी कुमार (17), असगर हुसैन (54), हसन इमाम (44), गणेश कलंदी (45), नवीन सिंह (44) और स्वपन मंडल (56) शामिल हैं। पुलिस सभी पीड़ितों की पहचान और आधिकारिक विवरण का सत्यापन कर रही है।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा बुधवार दोपहर तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुआ। यहां एक निर्माणाधीन गोदाम में मजदूर रोज की तरह काम कर रहे थे, तभी अचानक छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। भारी मलबे की चपेट में आने से कई मजदूर दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

युद्ध स्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत बल मौके पर पहुंच गए। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक यह पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि मलबे में कोई और व्यक्ति नहीं फंसा है, तब तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code