1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पटना : कोचिंग पर फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस ने FIR में नाम जोड़ा
पटना : कोचिंग पर फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस ने FIR में नाम जोड़ा

पटना : कोचिंग पर फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस ने FIR में नाम जोड़ा

0
Social Share

पटना, 5 जून। पटना के लोकप्रिय कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुई फायरिंग के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया, जब पटना पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) में खान सर का नाम भी जोड़ दिया। पहले खान सर उर्फ फैजल खान ने हमले की एफआईआर ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक पर दर्ज कराई थी। फिलहाल अब कदमकुआं थाने में आर्म्‍स एक्‍ट और अन्‍य आरोपों में खान सर को भी नामजद किया गया है।

फैजल खान के दो निजी सुरक्षा गार्ड भी नामजद

FIR में फैजल खान के अलावा उनके दो निजी सुरक्षा गार्डों को भी नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों गार्डों ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही भीड़ की ओर गोली चलाई थी।

गार्डों ने खान सर के कहने पर ही भीड़ की ओर चलाई थी गोली

यह मामला उस समय सामने आया, जब सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। वीडियो में दो युवक राइफल से फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल शुरू की।

कदमकुआं थाना के दरोगा अनिल कुमार के लिखित बयान पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। FIR में खान सर उर्फ फैजल खान, उनके दो निजी बॉडीगार्ड और अन्य अज्ञात सहकर्मियों को आरोपित बनाया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।

दोनों गार्डों ने चार राउंड फायरिंग की थी

पुलिस के अनुसार, चार जून को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों की जांच के लिए पुलिस अधिकारी खान ग्लोबल एकेडमी पहुंचे। वहां आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवक खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड हैं और उन्होंने राइफल से कुल चार राउंड फायरिंग की थी। दोनों ने दो-दो राउंड गोली चलाई थी।

इसके बाद पुलिस खान ग्लोबल एकेडमी पहुंची और वहां के निदेशक खान सर से संपर्क किया। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान कराई। पुलिस के अनुसार, खान सर ने बताया कि दोनों उनके निजी सुरक्षा गार्ड हैं और उनके पास लाइसेंसी राइफल है। उन्होंने यह भी बताया कि ये गार्ड नोएडा की एक सुरक्षा एजेंसी से लिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, खान सर ने नोएडा की सिक्योरिटी एजेंसी से कुल 17 गार्ड हायर कर रखे हैं।

कुछ देर बाद दोनों सुरक्षा गार्ड अपने-अपने हथियारों के साथ एकेडमी पहुंचे। पुलिस ने उनका मिलान वायरल वीडियो और तस्वीरों से किया और पहचान सही पाई। इसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों गार्डों ने जो जानकारी दी, उसने मामले को और गंभीर बना दिया।

पूछताछ में दोनों गार्डों ने बताया कि दो जून की रात करीब 10.30 बजे कुछ लोग उग्र होकर खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर पहुंच गए थे। आरोप है कि भीड़ ने गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड चुनचुन के साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया। साथ ही गेट पर लगे बैनर को भी फाड़ दिया गया और काफी हंगामा किया गया।

गार्डों ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वे दोनों अपने-अपने हथियार लेकर खान सर के साथ बाहर आए। बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और शोर-शराबा हो रहा था। इसी दौरान, गार्डों के अनुसार, खान सर उर्फ फैजल खान और उनके अन्य अज्ञात सहकर्मियों ने उनसे कहा, ‘देख क्या रहे हो, भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा।’

दोनों गार्ड गिरफ्तार, दो लाइसेंसी राइफलें भी जब्त

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, दोनों गार्डों ने दावा किया कि इस कथित आदेश के बाद उन्होंने अपने-अपने 315 बोर की राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग की। इस तरह कुल चार राउंड गोली चलाई गई। गिरफ्तार किए गए दोनों गार्डों की पहचान प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह के रूप में हुई है। प्रदीप कुमार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं जबकि तालेबर सिंह उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के पास से एनपीबी 315 बोर की लाइसेंसी राइफलें भी जब्त कर ली हैं। जांच के दौरान दोनों हथियारों की मैगजीन में तीन-तीन राउंड गोलियां भी लोडेड मिलीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code