AAP की हार के बाद केजरीवाल ने भाजपा को दी बधाई, बोले – ‘जनता का फैसला सिर आखों पर’
नई दिल्ली, 8 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) की पराजय के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने जनता का फैसला स्वीकार करने के साथ भारतीय जनता पार्टी को उसकी जीत पर बधाई दी है।
‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘हम जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे उन उम्मीदों पर खरे उतरेंगे, जिसके साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है।’
दिल्ली चुनाव के नतीज़ों पर AAP के राष्ट्रीय संयोजक @ArvindKejriwal जी का संदेश pic.twitter.com/BKyCnkSQtc
— AAP (@AamAadmiParty) February 8, 2025
‘हम रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे‘
केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली के लोगों ने हमें जो 10 साल दिए, उसमें हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि के क्षेत्र में काम किया। अब लोगों ने जो फैसला हमें दिया है, उसके साथ हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, बल्कि जनता की सेवा करते रहेंगे। मैं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत शानदार चुनाव लड़ने की बधाई देता हूं।’

सीएम आतिशी बोलीं – चुनाव परिणाम एक झटके की तरह
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने चुनाव परिणाम को लेकर कहा, “सबसे पहले मैं कालकाजी विधानसभा की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूं, जो मजबूती से डटे रहे। हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। भाजपा की ‘तानाशाही’ और ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ जंग जारी रहेगी। चुनाव परिणाम एक झटके की तरह है, लेकिन दिल्ली और देश की जनता के लिए आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी।”
कालकाजी की जनता का मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करती हूं। मैं अपनी टीम को बधाई देती हूं जिसने बाहुबल, गुंडागर्दी और मारपीट के खिलाफ काम किया।
हम दिल्ली की जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं। यह जंग का समय है और हमारी BJP की तानाशाही और गुंडागर्दी के ख़िलाफ़… pic.twitter.com/32etifk09V
— AAP (@AamAadmiParty) February 8, 2025
भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी
अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए आतिशी ने कहा, ‘मैं उन लोगों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं अपनी टीम का भी आभार व्यक्त करती हूं, जिसने सभी चुनौतियों का सामना किया और हमारा संदेश जनता तक पहुंचाया। मैंने अपनी सीट पर जीत दर्ज की है, लेकिन यह जश्न मनाने का समय नहीं है, बल्कि यह संघर्ष का समय है। भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।’
अहंकार रावण का भी नहीं बचा था…
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) February 8, 2025
स्वाति मालिवाल का तंज – ‘अहंकार रावण का भी नहीं बचा था..’
हालांकि दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालिवाल ने अरविंद केजरीवाल के साल 2023 में एक चुनावी जनसभा में दिए गए उस बयान की याद दिलाते हुए तंज कसा, जिसमें अरविंद केजरीवाल कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि आप इस जन्म में हमें, आम आदमी पार्टी को, दिल्ली में नहीं हरा सकते। इसके लिए आपको दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।’ मालिवाल ने अरविंद केजरीवाल पर तंज सकते हुए अपने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अहंकार रावण का भी नहीं बचा था…’
