केजरीवाल का आरोप – कांग्रेस ने गोवा के लोगों को धोखा दिया, वह अपने विधायकों को थोक में भाजपा को बेचती है

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव के निमित्त शनिवार को यह आरोप लगाते हुए कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार कर दिया कि उसने गोवा के लोगों को धोखा दिया और उसके विधायक भाजपा में शामिल हो गए। केजरीवाल ने साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को थोक में भाजपा को बेचती है।

AAP प्रमुख ने गिनाया – 2017 से 2022 तक कितने कांग्रेस विधायक भाजपा में गए

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने साउथ गोवा में शनिवार को AAP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिनाया कि 2017 से 2019 के बीच 13 कांग्रेस विधायक भाजपा में चले गए थे। इसके बाद, 2022 में 10 और कांग्रेस विधायक भाजा पमें शामिल हो गए। केजरीवाल ने पूछा कि क्या कांग्रेस यह भरोसा दे सकती है कि चुनाव जीतने के बाद कोई भी विधायक भाजपा में नहीं जाएगा।

गोवा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन का सवाल ही नहीं 

दरअसल, केजरीवाल ने उन दावों को खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा था कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “किसी भी परिस्थिति में कांग्रेस के साथ ‘आप’ गठबंधन नहीं करेगी।”

भाजपा व कांग्रेस की सड़ी-गली राजनीतिक व्यवस्था को उखाड़ फेंकने का वक्त

AAP प्रमुख केजरीवाल ने पुरानी राजनीतिक व्यवस्था को खत्म करके एक नई राजनीतिक व्यवस्था पेश करने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा, ‘यह भाजपा और कांग्रेस से जुड़ी एक सड़ी-गली राजनीतिक व्यवस्था है। अब समय आ गया है कि इस व्यवस्था को उखाड़ फेंका जाए और गोवावासियों को एक नया विकल्प दिया जाए।’ उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के संसाधन चुनिंदा 13-14 राजनीतिक परिवारों के नियंत्रण में हैं, जो सत्ता में बने रहने, राज्य को लूटने और स्विस बैंकों में धन जमा करने के लिए लगातार दल बदलते रहते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular