1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. होटल कारोबारी विनीत राय का हत्यारोपी कमलेश एनकाउंटर में ढेर, स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल
होटल कारोबारी विनीत राय का हत्यारोपी कमलेश एनकाउंटर में ढेर, स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल

होटल कारोबारी विनीत राय का हत्यारोपी कमलेश एनकाउंटर में ढेर, स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल

0
Social Share

लखनऊ, 4 जून। उत्तर पदेश के गाजीपुर में होटल व्यवसायी आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में नामजद और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी बुधवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी। एसपी के अनुसार पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

आरोपी की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

ढाई साल पुराने विवाद से जुड़े हत्या के तार

जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का एंगल है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच करीब ढाई साल पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस जांच में वर्ष 2024 की एक घटना भी सामने आई है। उस समय होटल में तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें शंकर पांडेय और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। हत्या के बाद परिजनों ने भी शंकर पांडेय समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। विनीत राय की हत्या के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थ। अब मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे हत्याकांड की जांच आगे बढ़ा रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code