वाराणसी : कैंट स्टेशन पर चेकिंग अभियान में ₹1.96 करोड़ के आभूषण जब्त, गुजरात के 2 युवक हिरासत में

वाराणसी, 24 जुलाई। अगले हफ्ते शुरू हो रहे श्रावण मास के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के उद्देश्य से वाराणसी के कैंट (वाराणसी जंक्शन) रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली, जब जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने काररवाई करते हुए स्टेशन परिसर से लगभग 1.96 करोड़ रुपये मूल्य के सोने व डायमंड (हीरे) के कीमती आभूषण बरामद किए।

इस मामले में गुजरात के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। जीआरपी के साथ ही आयकर विभाग की टीम भी दोनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल टैक्स चोरी की बात सामने आ रही है।

प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 से संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए

दरअसल, श्रावण मास की सुरक्षा के तहत जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी के जवान शुक्रवार को संयुक्त रूप से स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 के लोहता साइड में दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखे। सुरक्षा बलों के जवानों ने जब दोनों को रोककर पूछताछ की तो उन्होंने अपने पास सोने व हीरे की भारी मात्रा में ज्वेलरी होने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर उनके पास से हीरे की घड़ी, डायमंड चेन और सोने की कई अंगूठियों समेत भारी मात्रा में आभूषण बरामद हुए।

सूरत के रहने वाले हैं आरोपित, आभूषणों को जौनपुर ले जाने की थी योजना

जीआरपी कैंट रेलवे स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक रजोला नागर ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना संबंध गुजरात के सूरत शहर से बताया है। आभूषणों के गंतव्य के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे इस बहुमूल्य खेप को जौनपुर ले जा रहे थे।

आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी

मामले की संवेदनशीलता और बरामद संपत्ति के बड़े मूल्य को देखते हुए जीआरपी अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से आयकर विभाग  को सूचित किया। आयकर विभाग की टीम थाना हाजा (जीआरपी थाना) पहुंचकर आभूषणों के बिल, वैध कागजातों और इनके स्रोत (Source of Origin) की विस्तृत जांच-पड़ताल कर रही है। विभाग यह पता लगा रहा है कि इतनी बड़ी रकम के आभूषणों का इस्तेमाल टैक्स चोरी या किसी अन्य अवैध लेन-देन के लिए तो नहीं किया जा रहा था।

RELATED ARTICLES

Most Popular