आईटी शेयरों ने लौटाई शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 791 अंक उछला, निफ्टी 24000 के पार
मुंबई, 24 जून। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से 24 घंटे पहले यदि घरेलू शेयर बाजार ने बड़ी गिरावट देखी थी तो बुधवार को आईटी शेयरों ने ही बाजार की तेजी लौटाई और कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन दोनों बेंचमार्क इंडेक्स कमजोर शुरुआत के बावजूद अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 791 अंक उछला वहीं एनएसई निफ्टी 198 अंकों की मजबूती से 24000 के पार जाकर ठहरा। विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल के दाम में नरमी और आईटी के साथ बैंक व वित्तीय शेयरों में लिवाली से भी बाजार का रुख सकारात्मक रहा।
सेंसेक्स 1.04 प्रतिशत चढ़कर 76,991.22 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04 प्रतिशत चढ़कर 76,991.22 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 989.69 अंकों की मजबूती से 77 हजार का स्तर पार करते हुए 77,190.37 तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर हरे निशान पर रुके तो सात में कमजोरी रही।
निफ्टी 197.55 अंक बढ़कर 24,021.65 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 24,021.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर मजबूत रहे और 21 में गिरावट देखी गई।
इंडिगो के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.72 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.72 फीसदी चढ़े। ट्रेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में भी प्रमुख रूप से मुनाफा दिखा। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, टाटा स्टील, मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।
एफआईआई ने 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.69 प्रतिशत टूटकर 75.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
