आईटी शेयरों ने बढ़ाई रौनक, शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बढ़त, सेंसेक्स 77500 से ऊपर, निफ्टी 170 अंक मजबूत
मुंबई, 2 जुलाई। कच्चे तेल की कीमतों में जारी गिरावट व वैश्विक स्तर पर सकारात्मक घटनाक्रमों के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बड़ी लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार की रौनक बढ़ी और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगातार दूसरे दिन अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 579 अंकों की छलांग लगाने के साथ जहां 77,500 के ऊपर निकल गया वहीं एनएसई निफ्टी ने 170 अंकों की मजबूती देखी।
सेंसेक्स 579.48 अंक बढ़कर 77,502.12 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 579.48 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 77,502.12 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय सूचकांक 656.29 अंक चढ़कर 77,578.93 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के स्टॉक हरे निशान पर रहे और सात में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 169.85 अंक की तेजी के साथ 24,175.70 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 169.85 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,175.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 35 के शेयर मजबूत रहे तो 14 में कमजोरी दिखी।
इन्फोसिस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.64 प्रतिशत चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.64 प्रतिशत चढ़े। इसके बाद क्रमश: टेक महिंद्रा (4.32%), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (4.28%) और एचसीएल टेक (4.12%) का स्थान रहा। बजाज फिनसर्व, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ, प्रमुख रूप से नुकसान में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
एफआईआई ने 1,140.50 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,140.50 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत टूटकर 70.53 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
