आईटी सेक्टर ने बिगाड़ा शेयर बाजार का मूड, सेंसेक्स 607 अंक लुढ़का, निफ्टी में 155 अंकों की गिरावट
मुंबई, 19 जून। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कम्पनी एक्सेंचर द्वारा इस वर्ष का राजस्व अनुमान घटाने के बाद अमेरिका में सूचीबद्ध भारतीय आईटी कम्पनियों में इस कदर बिकवाली आई कि भारतीय शेयर बाजार का मूड ही बिगड़ गया और पिछले लगातार पांच सत्रों से जारी तेजी के बाद कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 607 अंक गिरकर फिर 77000 के नीचे चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 155 अंकों की कमजोरी के साथ 24,000 के तनिक ऊपर रुका।
पिछले 5 कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर लगा ब्रेक
विश्लेषकों के अनुसार स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रस्तावित वार्ता के टलने से उत्पन्न नई अनिश्चितता ने भी निवेशकों की धारणा को कमजोर किया। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 3,577.43 अंक यानी 4.84 प्रतिशत और निफ्टी 1,006.4 अंक यानी 4.34 प्रतिशत चढ़ गया था।
सेंसेक्स 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 940.26 अंक तक लुढ़क गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर लाभ में रहे तो 17 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 0.64 प्रतिशत गिरकर 24,013.10 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत गिरकर 24,013.10 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले लगभग 177 अंकों की गिरावट से खुला सूचकांक एक समय 266.10 अंकों तक फिसलकर 23,901.90 तक चला गया था। हालांकि अंतिम आधा घंटे के दौरान इसमें तेज रिकवरी हुई और सूचकांक 24000 के पार जाकर रुका। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर मजबूत रहे तो 26 में कमजोरी दिखी।
स्मालकैप व मिडकैप में तेजी
मानक सूचकांकों के विपरीत व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.62 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.42 प्रतिशत की तेजी रही।
आईटी सूचकांक सबसे ज्यादा 3.57 प्रतिशत लुढ़क गया
सेक्टोरल इंडेक्स पर गौर करें तो आईटी कम्पनियों में गिरावट आने से बीएसई आईटी सूचकांक 3.57 प्रतिशत लुढ़क गया। फोकस आईटी खंड में 2.81 प्रतिशत, तेल और गैस खंड में 1.21 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में एक प्रतिशत की गिरावट रही।
इन्फोसिस का शेयर सर्वाधिक 6.69 प्रतिशत टूटा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस का शेयर सर्वाधिक 6.69 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) 3.53 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.74 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.45 प्रतिशत नीचे बंद हुए। एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिन्दुस्तान यूनिलीवर भी नुकसान में रहे। वहीं भारती एयरटेल, पावर ग्रिड और एनटीपीसी जैसे शेयर बढ़त में रहे।
एफआईआई ने 1,025.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,025.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक स्तर पर कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.58 प्रतिशत गिरकर 79.39 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
