इजराइली पीएम नेतन्याहू बोले- ईरान के खिलाफ अभियान अभी खत्म नहीं हुआ
यरुशलम, 31 मार्च। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि ईरान के शासन के खिलाफ इजराइल का अभियान ‘अभी खत्म नहीं हुआ है’। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के साथ संयुक्त अभियानों ने ईरानी शासन की जड़े हिला दी हैं।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल ने गत 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ संयुक्त हमले शुरू किए थे, जिसका जवाब देते हुए ईरान ने भी हमले किए। इससे युद्ध पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया। एक महीने से ज्यादा समय बाद भी युद्ध कहीं से कमजोर पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है।
‘हमने ईरानी शासन की जड़ें हिला दी हैं, देर-सवेर यह ढह जाएगा’
नेतन्याहू ने कहा, “अमेरिका के साथ संयुक्त अभियान के एक महीने के भीतर हम उस आतंक के शासन को कुचल रहे हैं, जो ‘अमेरिका मुर्दाबाद, इजराइल मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहा था। अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और हमने शासन की जड़ें हिला दी हैं, देर-सवेर यह ढह जाएगा।”
इजराइल नए क्षेत्रीय गठबंधन बनाने में जुटा
इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि इजराइल नए क्षेत्रीय गठबंधन बना रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि जल्द ही मैं इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों के साथ बने नए गठबंधनों के बारे में और अधिक जानकारी साझा कर पाऊंगा।’ नेतन्याहू ने ईरानी शासन की आलोचना करते हुए कहा, ‘अयातुल्ला शासन ने हमें मिटाने के लिए वर्षों में लगभग एक ट्रिलियन डॉलर खर्च किए। वह एक ट्रिलियन डॉलर बर्बाद हो गए।’
