इजराइली रक्षा मंत्री का दावा- आईडीएफ हमले में मारे गए ईरान के खुफिया मंत्री खतिब
तेल अवीव, 18 मार्च। इजराइल ने ईरान के रक्षा प्रमुख अली लारिजानी की हत्या के बाद ईरानी खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब को भी मंगलवार की रात एयर स्ट्राइक में मार गिराने का दावा किया है। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने खुद इसकी पुष्टि की है। हालांकि, ईरान ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
कार्ट्ज ने कहा कि बुधवार को ‘बड़े सरप्राइज’ मिलने की उम्मीद है। मीडिया आउटलेट, ‘द टाइम्स ऑफ इजराइल’ ने इजराइल कार्ट्ज के बयान के हवाले से बताया कि ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब बीती रात तेहरान में एक इजराइली हवाई हमले में मारे गए। उन्होंने यह भी कहा कि आज ‘बड़े सरप्राइज’ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘आज के दिन सभी मोर्चों पर बड़े सरप्राइज मिलने की उम्मीद है, जिससे ईरान और लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ हमारी लड़ाई और तेज हो जाएगी। ईरान में हमलों की तीव्रता बढ़ रही है। ईरान के खुफिया मंत्री खतिब को भी बीती रात मार गिराया गया।’
कार्ट्ज ने कहा कि उन्होंने और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आईडीएफ को किसी भी शीर्ष ईरानी अधिकारी को मार गिराने का अधिकार दे दिया है… जिसके लिए अब किसी अतिरिक्त मंजूरी की जरूरत नहीं होगी।
इससे एक दिन पहले इजराइल ने तेहरान में हमला कर ईरान के रक्षा प्रमुख अली लारिजानी को मार गिराया था। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लारिजानी को गुंडों का सरगना बताया था। हालांकि लारिजानी की मौत के बाद गुस्साए ईरान ने इजराइल पर क्लस्टर बमों से हमला किया है और तेल अवीव के कई अड्डों पर कम से कम 100 मिसाइलें दागीं।
