Homeहिन्दीखेलऑयरलैंड ने फिर रचा इतिहास, दूसरे टी20 मैच में भी रोमांचक जीत...

ऑयरलैंड ने फिर रचा इतिहास, दूसरे टी20 मैच में भी रोमांचक जीत से भारत के खिलाफ पहली बार जीती कोई सीरीज

बेलफास्ट, 28 जून। दो दिन पूर्व विश्व टी20 चैम्पियन भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली जीत से इतिहास रचने वाले आयरलैंड ने रविवार को यहां फिर नया अध्याय लिखा, जब अंतिम गेंद तक खिंचे दूसरे व अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी उसने एक रन की रोमांचक जीत दर्ज कर ली।

आयरलैंड ने इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ किसी सीरीज पर अपना नाम लिखा लिया। वहीं लगभग तीन वर्षों में लगातार 16 टी20 सीरीज से चला आ रहा भारत का अजेय क्रम भी टूट गया।

हैरी टेक्टर के पचासे से आयरलैंड 154 रनों तक पहुंचा

स्टॉर्मोंट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी को बाध्य आयरिश टीम ने हैरी टेक्टर के अर्धशतक (53 रन, 47 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) व आक्रामक बेन कैलिज (37 रन, 23 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) संग उनकी मजबूत भागीदारी से आठ विकेट पर 154 रन बनाए थे।

तिलक वर्मा का अर्धशतकीय प्रयास नाकाम

जवाब में भारत के दिग्गज बल्लेबाज फिर असफल रहे और 4-35 की हाहाकारी शुरुआत के बाद तिलक वर्मा का अर्धशतकीय प्रयास (55 रन, 46 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) भी काम नहीं आ सका। अंततः मेहमान टीम पेसरद्वय जय मूंदड़ा (3-32) व मैट होलार्ड (3-26) के सामने 20 ओवरों में नौ विकेट पर 153 तक पहुंच सकी।

जय मूंदड़ा के सामने भारत की हाहाकारी शुरुआत

देखा जाए तो सामान्य लक्ष्य के सामने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ व भारतीय पासपोर्टधारक जय मूंदड़ा ने भारत को हदसा कर रख दिया, जिन्होंने पहले ही ओवर में ओपनरद्वय संजू सैमसन (शून्य) व अभिषेक शर्मा (शून्य) को खाता तक नहीं खोलने दिया और अपने अगले ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (10 रन, सात गेंद, दो चौके) को निबटा दिया। पांचवें ओवर में ईशान किशन (12 रन, 11 गेंद, एक चौका) भी रन आउट हो गए।

तिलक ने अक्षर व शिवम संग मिलकर स्थिति संभाली

पांचवें क्रम पर उतरे तिलक ने इसके बाद स्थिति संभाली। इस क्रम में उन्होंने अक्षर पटेल (14 रन, 18 गेंद) व शिवम दुबे (20 रन, 16 गेंद, दो चौके) संग क्रमशः 39 व 35 रनों की साझेदारियों से स्कोर 100 के पार पहुंचाया और कुछ उम्मीद भी बंधाईं। लेकिन अक्षर को लौटाने वाले होलार्ड ने 18वें ओवर में तिलक व प्रथम प्रवेशी सूर्यांश शेडगे (एक रन) को भी शिकार बना लिया (8-121)।

हर्षित राणा की अंतिम कोशिश भी कामयाब नहीं हो सकी

अब भारत को जीत के लिए अंतिम 12 गेंदों पर 34 रनों व फिर छह गेंदों पर 20 रनों की दरकार थी। वहीं टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोकर हर्षित राणा (21 रन, 10 गेंद एक छक्का, दो चौके) ने तेज हाथ दिखाते हुए अंतिम कोशिश की। लेकिन अंतिम ओवर में हैरी टेक्टर की पांचवीं गेंद पर वह भी लौट गए (9-176)।

प्रिंस यादव भी अपने पदार्पण मैच को यादगार नहीं बना सके

विपक्षी पारी में 22 पर तीन विकेट लेकर अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार पदार्पण करने वाले प्रिंस यादव (छह रन, एक गेंद) ने अंतिम गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन वह जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हो सका। प्रिंस के साथ अर्शदीप सिंह (नाबाद चार रन, पांच गेंद) मायूस लौटे।

https://twitter.com/cricketireland/status/2071315195427741765

हैरी टेक्टर व बेन कैलिज ने 43 गेंदों पर जोड़े 65 रन

इसके पूर्व हर्षित राणा (1-17), अर्शदीप सिंह (2-35) व प्रिंस ने शुरुआती आठ ओवरों में 48 रनों पर आयरलैंड के तीन विकेट गिरा दिए थे। इस दौरान रॉल एडेर (16 रन, सात गेंद, दो छक्के, एक चौका) व कप्तान लोर्कन टकर (15 रन, 18 गेंद, दो चौके) दहाई में पहुंचे थे। लेकिन हैरी टेक्टर व बेन कैलिज ने 43 गेंदों पर 65 रनों की मजबूत साझेदारी से मेजबान टीम को मजबूती प्रदान कर दी।

स्कोर कार्ड

शिवम दुबे (2-25) ने 15वें ओवर में कैलिज व गेराथ डेलनी (0) को लौटाया। लेकिन टेक्टर को जॉर्ज डॉकरेल (19 रन, 14 गेंद, एक छक्का, एक चौका) का सहयोग मिला और उन्होंने टीम को 150 के पार पहुंचा दिया। प्रिंस ने अंतिम ओवर में टेक्टर सहित दो विकेट निकालकर अपने पहले ही मैच में तीन सफलताएं अर्जित कीं। हालांकि बाद में वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments