1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, MD राहुल भाटिया को अंतरिम प्रभार
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, MD राहुल भाटिया को अंतरिम प्रभार

इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, MD राहुल भाटिया को अंतरिम प्रभार

0
Social Share

नई दिल्ली, 10 मार्च। बीते कुछ माह में अन्यान्य कारणों से विवादों में रहीं निजी विमानन कम्पनी इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने इस्तीफा दे दिया है। इंडिगो की पैरेंट कम्पनी इंटरग्लोब एविएशन ने मंगलवार को पीटर एल्बर्स के इस्तीफे की जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि इंडिगो को पिछले वर्ष दिसम्बर में हजारों उड़ानें रद करनी पड़ी थीं। फिलहाल कम्पनी के सह संस्थापक व प्रबंधन निदेशक (MD) राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर एयरलाइन का प्रबंधन संभाल रहे हैं।

एल्बर्स ने इस्तीफे में निजी कारणों का दिया हवाला

पीटर एल्बर्स ने राहुल भाटिया को लिखे अपने इस्तीफे में कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से इंडिगो के सीईओ पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। एल्बर्स ने लिखा कि, सितम्बर 2022 से इंडिगो के सीईओ के रूप में काम करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही है। इंडिगो के परिवार का हिस्सा बनना और कम्पनी की शानदार विकास यात्रा में योगदान देना उनके लिए एक खास अनुभव रहा है और इस दौरान टीम के साथ मिलकर कई अहम कदम उठाए गए।

पीटर एल्बर्स के कार्यकाल में इंडिगो ने काफी विस्तार किया

उल्लेखनीय है कि सितम्बर, 2022 में जिम्मेदारी संभालने के बाद पीटर एल्बर्स के कार्यकाल में इंडिगो ने काफी विस्तार किया। उनके नेतृत्व में कम्पनी का रेवेन्यू 10 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया, एयरलाइन का बेड़ा बढ़कर 440 से अधिक विमानों तक पहुंच गया और कम्पनी ने 500 एयरबस A320 फैमिली विमानों का एक बड़ा ऑर्डर भी दिया। हालांकि कई कामयाबियों के बावजूद, पीटर एल्बर्स का कार्यकाल दिसम्बर 2025 में आए एक बड़े ऑपरेशनल संकट की वजह से विवादों में आ गया।

दिसम्बर में इंडिगो को हजारों उड़ानें रद करनी पड़ी थीं

गत तीन से पांच दिसम्बर के बीच इंडिगो को 2,500 से ज्यादा उड़ानें रद करनी पड़ीं और करीब 1,900 उड़ानों में देरी हुई। इस वजह से तीन लाख से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में DGCA ने एयरलाइन पर 22.20 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड जुर्माना लगाया और सीधे पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस भी जारी की। शुरुआत में उनके इस्तीफे की भी मांग उठी थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code