1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख में हादसा : भारतीय सेना का वाहन खाई में जा गिरा, 9 जवानों की मौत, एक घायल
लद्दाख में हादसा : भारतीय सेना का वाहन खाई में जा गिरा, 9 जवानों की मौत, एक घायल

लद्दाख में हादसा : भारतीय सेना का वाहन खाई में जा गिरा, 9 जवानों की मौत, एक घायल

0
Social Share

लेह, 19 अगस्त। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ, जब क्यारी शहर से सात किलोमीटर दूर भारतीय सेना का वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में नौ जवानों की मौत हो गई और एक जवान घायल हो गया।

लद्दाख के रक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार शाम दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के क्यारी टाउन में हुई। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बचाव अभियान चल रहा है।

डिफेंस अधिकारी ने कहा, ‘क्यारी टाउन से सात किमी दूर एक दुर्घटना में भारतीय सेना के सात जवानों की जान चली गई जब उनका वाहन खाई में गिर गया। घटना में कई अन्य घायल हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।’

बाद में अधिकारी ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई और एक घायल है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दल पहुंच गया है। घायलों को अस्पताल में ले जाया जा रहा है।

अमित शाह और राजनाथ सिंह ने हादसे पर जताया दुख

इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘लद्दाख में हई सड़क दुर्घटना की खबर से बहुत दुखी हूं। इस हादसे में हमने अपने बहादुर जवानों को खो दिया। दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। मेरी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह हादसे पर दुख प्रकट करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

राहुल गांधी ने भी लद्दाख हादसे पर जताया शोक

इस समय लद्दाख दौरे पर ही मौजूदा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों के बलिदान का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों के मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code