1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. एशिया कप हॉकी : भारत ने गत चैम्पियन कोरिया से छीनी उपाधि, चौथे खिताब से विश्व कप का टिकट भी पक्का किया
एशिया कप हॉकी : भारत ने गत चैम्पियन कोरिया से छीनी उपाधि, चौथे खिताब से विश्व कप का टिकट भी पक्का किया

एशिया कप हॉकी : भारत ने गत चैम्पियन कोरिया से छीनी उपाधि, चौथे खिताब से विश्व कप का टिकट भी पक्का किया

0
Social Share

राजगीर (बिहार), 7 सितम्बर। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में उतरी भारतीय टीम ने रविवार को यहां संपन्न 12वें हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए अपने अभियान का समापन किया और एकतरफा फाइनल में दिलप्रीत सिंह के दो गोलों की मदद से 4-1 की शानदार जीत के सहारे न सिर्फ गत चैम्पियन कोरिया से उपाधि छीन ली वरन चौथे खिताब के साथ अगले वर्ष बेल्जियम व नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में प्रस्तावित हॉकी विश्व कप का टिकट भी पक्का कर लिया।

एकतरफा जीत में दिलप्रीत सिंह ने किए दो गोल

दर्शकों से खचाखच भरे राजगीर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स हॉकी स्टेडियम मेजबानों ने पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह के गोल से खोल लिया। हालांकि आठवें मिनट में जुगराज सिंह पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल नहीं कर सके। दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने 28वें मिनट में गोल ठोकने के साथ मध्यांतर पूर्व भारत की बढ़त दुगुनी कर दी।

पांच बार की चैम्पियन कोरियाई टीम को तीसरे क्वार्टर में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह उन्हें भुना में विफल रही। इसके बाद 45वें मिनट में भारत की ओर से दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल किया। चौथा व अंतिम क्वार्टर शुरू होने पर 50वें मिनट में अमित रोहिदास ने टीम को मिले दूसरे व अंतिम पेनाल्टी कॉर्नर पर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। अंततः 51वें मिनट में डैन सन ने तीसरे शॉर्ट कॉर्नर पर इकलौता गोल कर कोरिया की पराजय का अंतर तनिक कम किया।

भारत को 8 वर्षों बाद मिली खिताबी सफलता

आठ वर्ष बाद उपाधि जीतने वाला भारत इसके साथ ही कोरिया के बाद टूर्नामेंट का दूसरा सबसे सफल दल बन गया। 1982 में कराची में टूर्नामेंट की शुरुआत से पाकिस्तान ने पहले तीनों खिताब जीते थे और उसके बाद की नौ उपाधियां कोरिया व भारत ने आपस में बांटी हैं। इनमें भारत ने लगातार दो बार – 2003 (कुआलालम्पुर), 2007 (चेन्नई) के बाद आखिरी बार 2017 (ढाका) में कप जीता था। वहीं कोरिया ने 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में खिताब जीते हैं।

गत उपजेता मलेशिया को तीसरा स्थान

इसके पूर्व खेले गए तीसरे स्थान के मैच में गत उपजेता मलेशिया ने चीन को 4-1 से हराने के साथ उसे चौथे स्थान पर धकेला जबकि जापान ने बांग्लादेश को 6-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। शनिवार को कजाखस्तान ने चीनी ताइपे को 6-4 से हराकर सातवां स्थान पाया था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code