1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. इस्लामाबाद धमाके पर भारत बोला : पाकिस्तान खुद को धोखा दे रहा, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने भारत पर लगाया था आरोप
इस्लामाबाद धमाके पर भारत बोला : पाकिस्तान खुद को धोखा दे रहा, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने भारत पर लगाया था आरोप

इस्लामाबाद धमाके पर भारत बोला : पाकिस्तान खुद को धोखा दे रहा, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने भारत पर लगाया था आरोप

0
Social Share

नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 6 फरवरी। भारत ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार सुबह शिया मस्जिद में आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने देर रात बयान जारी कर कहा कि हमले में भारत के शामिल होने का दावा निराधार और निरर्थक है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस्लामाबाद की मस्जिद पर हुए बम धमाके में जानमाल की हानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को जकड़े हुए मुद्दों का हल ढूंढने के बजाय, दूसरों को अपनी परेशानियों के लिए दोषी ठहरा रहा है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि पाकिस्तान खुद को ही धोखा दे रहा है। भारत ऐसे हर आरोप को खारिज करता है, जो निराधार और निरर्थक दोनों है। भारत का ये बयान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस हमले में भारत और अफगानिस्तान शामिल थे।

गौरतलब है कि इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ था। पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’ के अनुसार हमले में 31 लोगों की मौत हो गई और 169 घायल हुए हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में 69 मौतों की जानकारी दी जा रही है।

राष्ट्रपति जरदारी बोले – ये हमला इंसानियत के खिलाफ

वहीं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने धमाके में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। जरदारी ने घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज की सुविधा दी जाए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code