Homeदेश-विदेशडीजीसीए का फैसला : अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध 30 नवंबर तक...

डीजीसीए का फैसला : अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध 30 नवंबर तक बढ़ा

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर। कोरोना महामारी से लड़ाई के बीच भारत सरकार ने देश से आने-जाने वालीं निर्धारित अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ानों पर लागू प्रतिबंध एक महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशलय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को जारी इस आशय के सर्कुलर में कहा कि भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानों की आवाजाही पर प्रतिबंध अब 30 नवंबर, 2021 तक बढ़ा दिया है। प्रतिबंध की अवधि 31 अक्टूबर को समाप्त होने वाली थी।

घरेलू उड़ानों पर रोक 18 अक्टूबर से पूरी तरह हटाई जा चुकी है

गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते पिछले वर्ष 23 मार्च को अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया था। एविएशन अथॉरिटी तब से कई बार प्रतिबंध को बढ़ा चुकी है। हालांकि इस दौरान कई चरणों में कुछ रियायतें दी जाती रही हैं। मसलन, प्रतिबंध लगने के दो महीने बाद 25 मई, 2020 को घरेलू हवाई सेवा कुछ प्रतिबंधों के बीच फिर से शुरू हो गई थी। सरकार ने अब बीते 18 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों की क्षमता पर से रोक हटा दी है।

डीजीसीए की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जरूरत महसूस किए जाने पर कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर संबंधित अथॉरिटी की मंजूरी लेकर उड़ानों को संचालित किया जा सकता है। इसके अलावा यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय ऑल-कार्गो संचालन और डीजीसीए द्वारा विशेष रूप से अनुमोदित उड़ानों पर लागू नहीं होगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लागू प्रतिबंधों को तुरंत हटाए जाने की संभावना नहीं

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया है कि सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगाए गए प्रतिबंधों को तुरंत हटाए जाने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि एयर बबल व्यवस्था के तहत मौजूदा उड़ानों की संख्या मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन के लिए भारत की 25 से अधिक देशों के साथ एयर बबल व्यवस्था है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments