भारत की एक और बड़ी उपलब्धि : कोविड टीकाकरण का आंकड़ा 200 करोड़ के पार, पीएम मोदी बोले – देश ने फिर रचा इतिहास

नई दिल्ली, 17 जलाई। बीते ढाई वर्षों से फैली विश्वव्यापी कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग के बीच भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली, जब देश में कोविड-19 रोधी टीके की दी गई खुराकों की संख्या रविवार को 200 करोड़ के पार पहुंच गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया इस खास अवसर पर कहा, ‘यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत में अब तक कोविड वैक्सीन की संख्या 2 बिलियन खुराक के पार चली गई है। मैं इस उपलब्धि पर स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों को बधाई देता हूं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारत ने फिर इतिहास रचा है! वैक्सीन की 200 करोड़ खुराक का विशेष आंकड़ा पार करने पर सभी भारतीयों को बधाई। उन लोगों पर गर्व है, जिन्होंने भारत के टीकाकरण अभियान को पैमाने और गति में अद्वितीय बनाने में योगदान दिया। इसने COVID-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत किया है।’

पीएम मोदी ने साथ ही कहा, ‘वैक्सीन के पूरे रोलआउट के दौरान, भारत के लोगों ने विज्ञान में उल्लेखनीय विश्वास दिखाया है। हमारे डॉक्टरों, नर्सों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, वैज्ञानिकों, इनोवेटर्स और उद्यमियों ने एक सुरक्षित ग्रह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं उनकी भावना और दृढ़ संकल्प की सराहना करता हूं।’

गौरतलब है कि देश में  16 जनवरी, 2021 से कोविड टीका लगाने का अभियान शुरू किया गया था। कोविड वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक देश के तमाम सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त में दी गई। सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। इसके बाद दो फरवरी, 2021 से अंग्रिम पंक्ति के कर्मियों का टीकाकरण किया गया था।

वहीं हाल में बूस्टर या एहतियाती खुराक को भी 75 दिनों तक मुफ्त देने की घोषणा की गई है। 75-दिवसीय टीकाकरण अभियान ‘कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव’ के तहत दिया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular