1. Home
  2. कारोबार
  3. वायदा सौदों पर STT बढ़ाने से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1547 अंक लुढ़का, निफ्टी फिसलकर 24800 के निकट
वायदा सौदों पर STT बढ़ाने से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1547 अंक लुढ़का, निफ्टी फिसलकर 24800 के निकट

वायदा सौदों पर STT बढ़ाने से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1547 अंक लुढ़का, निफ्टी फिसलकर 24800 के निकट

0
Social Share

मुंबई, 1 फरवरी। वायदा सौदों पर प्रतिभूति लेनदेन कर (STT) बढ़ाने की केंद्रीय बजट में घोषणा के बाद रविवार को घरेलू शेयर बाजार धड़ाम से जा गिरा और दोनों प्रमुख सूचकांकों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 1,547 अंक लुढ़क कर 81,000 के नीचे चला गया जबकि एनएसई निफ्टी 495 अंक टूटकर 24,800 के निकट जा ठिठका।

फ्यूचर्स एंड ऑप्शन पर STT दर 0.02% से बढ़ाकर 0.05%

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण में वायदा एवं विकल्प (फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस) खंड में सौदों पर एसटीटी को बढ़ाने का एलान बाजार को पसंद नहीं आया और यह बहुत तेजी से नीचे चला गया। इस बड़ी गिरावट के लिए बजट भाषण में वायदा कारोबार पर एसटीटी की दर 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने की घोषणा को जिम्मेदार माना गया।

सेंसेक्स 1.88% की गिरावट के साथ 80,722.94 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाते हुए दोपहर के कारोबार में 2,370.36 अंक यानी 2.88 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 80,000 अंक के अहम स्तर से भी नीचे फिसलकर 79,899.42 अंक तक जा खिसका था। हालांकि, बाद में सूचकांक थोड़े सुधार के साथ 1,546.84 अंक यानी 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,722.94 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर हरे निशान पर रहे जबकि 17 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 495.20 अंक गिरकर 24,825.45 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 495.20 अंक यानी 1.96 प्रतिशत गिरकर 24,825.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 748.9 अंक यानी 2.95 प्रतिशत लुढ़ककर 24,571.75 अंक के निचले स्तर तक जा फिसला था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयरों ने मजबूती पकड़ी जबकि 24 कमजोर रहे।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर और ज्यादा दबाव

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर दबाव और ज्यादा दिखा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 2.2 प्रतिशत गिरा जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.8 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ संकेत मिला कि बजट के बाद निवेशक जोखिम लेने से बचते नजर आए और ब्रॉडर मार्केट में मुनाफावसूली तेज हो गई।

निवेशकों के 9.90 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर 450.12 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 460.02 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक ही सत्र में करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये घट गया। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों को करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

स्टेट बैंक के स्टॉक में सर्वाधिक 5.61 फीसदी की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयर में सर्वाधिक 5.61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि अदाणी पोर्ट्स में 5.53 प्रतिशत की कमजोरी रही। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीसी, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, सन फार्मा और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल इंडेक्स पर एक नजर – पीएसयू बैंक खंड 5.60 प्रतिशत फिसला

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर दौडाएं तो आईटी सेक्टर को छोड़कर लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। पीएसयू बैंक खंड में सर्वाधिक 5.60 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि धातु खंड में 3.85 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा जिंस खंड में 3.35 प्रतिशत, ऊर्जा खंड में 3.24 प्रतिशत, पूंजीगत उत्पाद खंड में 3.02 प्रतिशत, उपयोगिता खंड में 2.98 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 2.66 प्रतिशत की गिरावट रही।

एफआईआई ने 2,251.37 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 2,251.37 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 26-27 के लिए केंद्रीय बजट पेश किए जाने के कारण रविवार होने के बावजूद शेयर बाजारों में विशेष कारोबारी सत्र आयोजित किया गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code