गोरखपुर, 21 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गुलरिहा थानान्तर्गत बांसस्थान में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जब हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई और नौ लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगी रॉड हाईटेंशन लाइन से टकराई
गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। उसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी लंबी रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से टकरा गई। रॉड के बिजली के तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने कहा कि परिजनों की जो भी मांगें थीं, सभी मान ली गई हैं।
लाइनमैन बर्खास्त, जेई और दो कांस्टेबल सस्पेंड
हादसे में लापरवाही की बात सामने आने पर बिजली विभाग का एक जेई सस्पेंड कर दिया गया है जबकि लाइनमैन की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। वहीं लापरवाही को लेकर दो कांस्टेबल भी सस्पेंड कर दिए गए हैं।
3 सदस्यीय जांच समिति गठित
इस मामले में तीन सदस्यीय कमेटी गठन किया है, जो तीन दिनों में जांच करके अपनी रिपोर्ट देगी। कमेटी में अपर जिला अधिकारी (नगर) अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण शामिल हैं।
चंदन, लकी और विक्की की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चंदन, लकी और विक्की के रूप में हुई है। मृतकों की उम्र 17 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक ही परिवार के दो बच्चे शामिल हैं।

घायलों का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
हादसे में झुलसे लोगों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसा गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान के टोले के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। इस बीच डीएम, एसपी के साथ क्षेत्रीय विधायक महेंद्र पाल घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।


