नई दिल्ली, 27 सितंबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए उत्तराखंड के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है और चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी गई है। उत्तराखंड में शनिवार से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
डिप्रेशन की वजह से बढ़ी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। IMD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन पिछले छह घंटों में करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश से होते हुए आगे बढ़ने और अगले कुछ घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होकर स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र (Well-Marked Low Pressure Area) में बदलने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में भी बदला मौसम
शनिवार शाम दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके बाद मौसम का मिजाज बदल गया। रविवार सुबह लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
झारखंड में ऑरेंज अलर्ट, कई राज्यों में येलो अलर्ट
रविवार को झारखंड के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, पुडुचेरी और तमिलनाडु में बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत मध्य महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।


