1. Home
  2. राज्य
  3. अगर अखिलेश होते सीएम, तो मेरी हत्या हो जाती… विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी को बताया “धुरंधर”
अगर अखिलेश होते सीएम, तो मेरी हत्या हो जाती… विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी को बताया “धुरंधर”

अगर अखिलेश होते सीएम, तो मेरी हत्या हो जाती… विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी को बताया “धुरंधर”

0
Social Share

लखनऊ, 24 मार्च। फिल्म धुरंधर 2 में अतीक अहमद के मर्डर को लेकर चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव की सरकार होती या वे मुख्यमंत्री होते, तो अब तक उनकी हत्या हो चुकी होती। पूजा पाल ने कहा कि अगर वे आज ज़िंदा हैं तो इसकी वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को “धुरंधर” मुख्यमंत्री बताया।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूजा पाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के एक धुरंधर मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अतीक और मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं के साम्राज्य का सफाया किया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने समाजवादी पार्टी और अतीक अहमद के संबंधों को उजागर किया है। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद सपा के संरक्षण में रहकर देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा था।

उन्होंने कहा कि अतीक केवल उनका ही गुनहगार नहीं था, बल्कि उसने उनके पति राजू पाल की हत्या की थी। उन्होंने कहा कि अतीक ने न केवल उनकी ज़िंदगी बर्बाद की, बल्कि हजारों परिवारों की ज़िंदगी तबाह की। अतीक लोगों की हत्याएँ कर और नशे के कारोबार के ज़रिए युवाओं व समाज को नुकसान पहुंचा रहा था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षण में अतीक अहमद और उसके गुर्गों ने नकली नोटों का व्यापार किया और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया।

पार्टी को उसकी गतिविधियों की जानकारी थी, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई अखिलेश यादव को पसंद नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीक अहमद, समाजवादी पार्टी का एक बड़ा फाइनेंसर था, जिसकी मौत से अखिलेश यादव असंतुष्ट थे। इसी कारण रामगोपाल यादव ने कथित तौर पर कहा कि सत्ता में आने पर अतीक अहमद की हत्या का बदला लिया जाएगा। पूजा पाल ने कहा कि शब्द भले ही राम गोपाल यादव के हों, लेकिन विचार अखिलेश यादव के हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पूरा सिस्टम ही हत्यारों अपराधियों को बचाने का काम करता है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव अतीक की कब्र पर फ़ातिहा पढ़ने भी पहुँच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अतीक के गैंग के खिलाफ कार्रवाई का स्वागत किया, तो उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर अतीक की हत्या के बाद भी वे जीवित हैं, तो इसका एकमात्र कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं।

गौरतलब है कि फिल्म धुरंधर 2 में अतीक अहमद के मर्डर को लेकर सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव का एक कथित बयान वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हम लोग वक्त का इंतजार कर रहे हैं, जिसने अतीक को मारा है वह बचेगा नहीं।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code