राष्ट्रीय वॉलीबॉल : मेजबान उत्तर प्रदेश का अभियान जारी, तीसरे दिन आंध्र प्रदेश को दी शिकस्त
वाराणसी, 6 जनवरी। मेजबान उत्तर प्रदेश ने यहां डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के तीसरे दिन मंगलवार को अपना विजय अभियान जारी रखा और ग्रुप सी में आंध्र प्रदेश को आसानी से मात देकर लगातार तीसरी जीत हासिल की। वहीं यूपी की महिलाओं ने भी ग्रुप सी में मणिपुर को हराकर लगातार दूसरी विजय अर्जित की।
यूपी के पुरुष अंतिम मैच में ओडिशा से खेलेंगे
उत्तर प्रदेश के पुरुषों की बात करें तो पहले दो मैचों में क्रमशः बिहार व तेलंगाना को हराने के बाद आज उन्होंने आंध्र प्रदेश को 3-0(25-17, 25-22, 25-20) से शिकस्त दी। 70 मिनट में निर्णीत मैच में मेजबानों के लिए तैयब, शक्ति और आदित्य राणा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। यूपी की अब चौथे व अंतिम मैच में ओडिशा से मुलकात होगी, जिसने आज तेलंगना को 3-1(25-21, 25-12, 23-25) से मात दी।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल का मिश्रित भाग्य
जम्मू-कश्मीर ने ग्रुप ई दमन दीव को 3-0(25-19, 25-10, 25-9) हराया, लेकिन रात्रिकालीन सत्र में उसे हिमाचल प्रदेश के हाथों 0-3(23-25, 28-30, 19-25) से शिकस्त खानी पड़ी। वहीं केरल ने हिमाचल प्रदेश को 3-1(25-21, 25-21,19-25, 25-20) से हरा दिया।

ग्रुप बी में पंजाब ने रेलवे को 3-0(25-21,25-20,29-27) से मात दी तो ग्रुप डी में उत्तराखंड ने महाराष्ट्र को 3-0(25-21, 25-22, 25-14) और गुजरात ने मणिपुर को 3-0(25-17, 25-28, 29-27) से हराया। ग्रुप एफ में पुडुचेरी ने लद्दाख को 3-0(25-19, 25-21, 25-23) और असम ने चंडीगढ़ को 3-0(25-22, 25-21, 25-18) से परास्त किया।
यूपी की महिलाओं की लगातार दूसरी जीत
उधर महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश ने ग्रुप सी के अपने दूसरे मैच में मणिपुर को 3-0 (25-7, 25-6, 25-11) से शिकस्त दी। 80 मिनट तक खिंचे मुकाबले में उत्तर प्रदेश की तरफ से अटैकर प्रियंका दहिया और यूनिवर्सल खुशबू ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन शानदार रहा। यूपी ने सोमवार को असम को शिकस्त दी थी। पांच टीमों के ग्रुप में यूपी की अभी पंजाब और आंध्र प्रदेश से टक्कर होनी है। आज पंजाब बनाम आंध्रप्रदेश मुकाबले में पंजाब ने 3-0(25-12,25-10, 25-23) से जीत दर्ज की।

गत चैम्पियन केरल की महिलाओं को पर्ण अंक
गत चैम्पियन केरल की महिलाओं ने ग्रुप ए में हरियाणा को 3-0(25-17, 25-14, 25-19) से हराया। इसी ग्रुप में राजस्थान ने हिमांचल प्रदेश पर 3-0 (25-12, 25-10, 25-16) से जीत हासिल की। गुजरात ने ग्रुप डी में कर्नाटक को 3-0(25-15, 25-19, 25-19) से पस्त कर पूर्ण अंक अर्जित किए तो कर्नाटक ने पुडुचेरी को 3-0(25-15, 25-16, 25-18) से पस्त किया।

ग्रुप ई में बिहार ने लद्दाख को 3-0(25-12, 25-10, 25-10) और तेलंगाना ने दिल्ली को 3-0(25-19, 25-19, 25-19) से हराया। ग्रुप बी में चंडीगढ़ ने ओडिशा को 3-0(25-19, 25-21, 25-20) से परास्त किया। ग्रुप एफ में छत्तीसगढ़ ने जम्मू-कश्मीर को 3-0(25-9, 25-5, 25-3) और तमिलनाडु ने झारखंड को 3-0(25-7, 25-11, 25-7) से शिकस्त दी।

मैच के तीसरे दिन शहर दक्षिणी के विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कोर्ट पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने भी मैच का आनंद लिया। आयोजक समिति के अध्यक्ष व महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया।
