नेपाल में भीषण हादसा : त्रिशूली नदी में गिरी बस, 18 लोगों की मौत, 25 अन्य घायल
काठमांडू, 23 फरवरी। नेपाल के धादिंग में रविवार देर रात एक बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी। नेपाल के राष्ट्रीय अखबार काठमांडू पोस्ट ने यह जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धादिंग के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के चरौंडी में हुए बस हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोखरा से काठमांडू जा रही बस देर रात 1:15 बजे त्रिशूली नदी में गिर गयी। पुलिस ने बताया कि हादसे में 18 लोगों की मौत हो गयी और 25 लोग घायल हैं। इनमें से 24 को आगे के इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है। एक घायल यात्री न्यूजीलैंड का नागरिक है। उसे इलाज के लिए मालेखु टीचिंग अस्पताल भेजा गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह खतरे से बाहर है और उसने काठमांडू जाने के बजाय वहीं इलाज जारी रखने का फैसला किया है। शवों को पोस्ट-मॉर्टम के लिए गजुरी सामुदायिक अस्पताल भेज दिया गया है। बस रविवार शाम सात बजे पोखरा के टूरिस्ट बस पार्क से रवाना हुई थी। पृथ्वी राजमार्ग बस संचालक कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की चलाई जा रही इस बस में कुछ विदेशी नागरिक सवार थे।
