पाकिस्तानी हॉकी टीम FIH जूनियर विश्व कप में भागीदारी के लिए भारत दौरे पर आएगी : हॉकी इंडिया
राजगीर (बिहार), 30 अगस्त। पाकिस्तान की हॉकी टीम इस वर्षांत FIH जूनियर विश्व कप में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर आएगी। हॉकी इंडिया (HI) के महासचिव भोलानाथ सिंह ने शनिवार को इस आशय की पुष्टि की
उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने इस समय बिहार में आयोजनत एशिया कप से हटने का फैसला किया था। इससे यह संदेह पैदा हो गया था कि पाकिस्तान नवम्बर-दिसम्बर में चेन्नई और मदुरै में प्रस्तावित जूनियर विश्व कप में भी भाग लेगा या नहीं।
24 प्रतिभागी देशों में से पाकिस्तान छोड़ 23 देशों की सूची मिल गई है
भोलानाथ ने कहा, ‘पाकिस्तानी टीम जूनियर विश्व कप के लिए भारत आ रही है। उन्होंने शुक्रवार की रात हमें इसकी पुष्टि की। एशिया कप से हटने के बाद मैंने उनसे उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा था।’ उन्होंने यह भी बताया कि टूर्नामेंट की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 24 देशों में से 23 देशों की सूची मिल गई है। सिर्फ पाकिस्तान ही बचा है, जिसकी हमें एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है।
भारत सरकार ने हाल में एक नीति बनाई है कि वह पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय खेल संबंध नहीं रखेंगा, लेकिन भारत की टीमों को बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने से नहीं रोका जाएगा।
‘ओलम्पिक चार्टर जो भी निर्देश देगा, हम उसका पालन करेंगे’
भोलानाथ ने कहा, ‘मैं इस बारे में पूरी तरह स्पष्ट हूं कि ओलम्पिक चार्टर हमें जो भी निर्देश देगा, सरकार और हॉकी इंडिया उसका पालन करेंगे और उसे पूरा करेंगे। भारत सरकार इस बारे में भी स्पष्ट है कि पाकिस्तान किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ खेल सकता है। एशिया कप के लिए सरकार ने उनके वीजा को भी मंजूरी दे दी, लेकिन अब पाकिस्तान क्यों नहीं आया, यह तो केवल वे ही जानते हैं।’
जरूरत पड़ी तो FIH प्रो लीग पाकिस्तान से खेलेगी भारतीय टीम
हॉकी इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एफआईएच प्रो लीग एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है और यदि जरूरत पड़ी तो भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ खेलेगी। पाकिस्तान ने 2025-26 एफआईएच प्रो लीग में न्यूजीलैंड की जगह ले ली है। भोलानाथ ने कहा, ‘यदि वे एफआईएच प्रो लीग में हमारे पूल में हैं और यदि हमारा मैच पाकिस्तान से है तो हम उनके साथ क्यों नहीं खेलेंगे? यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है।’
