Homeहिन्दीराजनीतिझारखंड : हेमंत सोरेन ने तीसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

झारखंड : हेमंत सोरेन ने तीसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

रांची, 4 जुलाई। झारखंड में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने तनिक भी समय गंवाए बिना गुरुवार की शाम तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राजधानी रांची स्थित राजभवन में आयोजित समारोह मे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

दिलचस्प यह रहा कि पहले सात जुलाई को शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन की खबर सामने आई थी। लेकिन आज अपराह्न हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। राज्यपाल द्वारा आमंत्रण मिलने के कुछ देर बाद ही खबर सामने आई कि शपथ ग्रहण समारोह आज ही होगा।

शपथग्रहण समारोह में हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन भी नजर आए। हेमंत सोरेन से पहले शिबू सोरेन और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा तीन बार राज्य के सीएम रह चुके हैं। शिबू सोरेन के अलावा एक दिन पहले सीएम पद से इस्तीफा देने वाले चंपई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और कांग्रेस के कई नेता भी शपथ समारोह में उपस्थित रहे।

चंपई सोरेन अब पार्टी में समन्वय समिति के चेयरममैन होंगे

गौरतलब है कि हेमंत सोरेन जमीन घोटाला केस में रांची हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद गत 28 जून को ही जेल से रिहा हुए थे। अब राज्य की सत्ता संभालने के बाद वह अपनी नई कैबिनेट का गठन करेंगे। वही पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अब पार्टी में समन्वय समिति के चेयरममैन होंगे।

वीडियो संदेश में बोले हेमंत – भगवान के घर अंधेर नहीं रहता है

हेमंत सोरेन ने शपथ ग्रहण से पहले एक वीडियो संदेश में कहा, ‘5 महीने पहले सत्ता के मद में चूर अहंकारियों ने मुझे चुप कराने की कोशिश की थी। आज झारखंडियों की जनमत वापस बुलंद होगी। इसी जगह से मैंने आपको संदेश दिया था कि किस तरह हमारे खिलाफ विरोधियों ने साजिश रची और वो उसमें कामयाब हुआ। मुझे 5 महीने तक जेल में रखने का प्रयास किया गया। हमने भी कानूनी लड़ाई का रास्ता अपनाया। न्याय ने मुझे पाक करार दिया। मैं आज फिर से आपके सामने हूं। भगवान के घर अंधेर नहीं रहता है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments