मथुरा, 10 सितंबर : भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता पर खुशी जताई है। मथुरा में हनुमान जी और नीम करौली बाबा से जुड़ी अपनी आस्था का जिक्र करते हुए हेमा मालिनी ने फिल्म की सफलता को हनुमान जी का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी जल्द इस फिल्म को देखने के लिए उत्सुक हैं।
हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा में हनुमान जी और नीम करौली बाबा का मंदिर है और वह यहां हमेशा आती हैं। उन्होंने कहा कि बाबा पर बनी फिल्म का सुपरहिट होना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। अभिनेत्री ने फिल्म बनाने वाली 21 वर्षीय अनुप्रिया नागर की भी तारीफ की और कहा कि फिल्मी दुनिया की ज्यादा जानकारी न होने के बावजूद उन्होंने ऐसी फिल्म बनाने में योगदान दिया, जिसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
‘मैं भी जल्द फिल्म देखना चाहती हूं’
हेमा मालिनी ने कहा कि अब हर कोई फिल्म देखने के लिए उत्सुक है और वह भी जल्द ‘हनुमान अंश’ देखना चाहती हैं। उन्होंने फिल्म की लोकप्रियता को हनुमान जी की कृपा से जोड़ते हुए कहा कि यह उनके आशीर्वाद का परिणाम है।
छोटे बजट की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई हलचल
कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता से सबको चौंका दिया है। फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक सोच से प्रेरित है। हाल ही में फिल्म की टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री को फिल्म के कुछ खास हिस्से दिखाए गए, जिनमें नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और नाथ संप्रदाय से जुड़े प्रसंग शामिल थे।
उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई फिल्म
फिल्म को लेकर राजनीतिक और धार्मिक जगत से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फिल्म देख चुके हैं और उन्होंने इसे राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। धामी ने कहा कि फिल्म के जरिए उन्हें नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को समझने का अवसर मिला।
फिल्म को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू
फिल्म की सफलता के बीच इसे लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आरोप लगाया कि फिल्मों के जरिए धर्म की राजनीति की जा रही है। उनका कहना था कि धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने के लिए इस तरह की फिल्मों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि किसी फिल्म पर आपत्ति जताने से पहले उसके कंटेंट को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे को विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित एक आध्यात्मिक सफर को दिखाती है। फिल्म की शुरुआत भोसले नाम के एक किरदार से होती है, जो अपने पोते को नीम करौली बाबा के बारे में बताता है। इसके बाद कहानी आजादी से पहले के दौर में पहुंचती है, जहां भोसले एक क्रांतिकारी के रूप में सक्रिय नजर आता है। फिल्म में दिखाया गया है कि मुश्किल दौर में बाबा उसकी रक्षा करते हैं और यहीं से उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं का सिलसिला आगे बढ़ता है।
कहानी आगे लक्ष्मी नारायण के बचपन तक पहुंचती है, जो आगे चलकर नीम करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए। मां के निधन के बाद बालक लक्ष्मी नारायण भगवान की तलाश में घर छोड़ देता है। वह मंदिरों, जंगलों, नदियों और गांवों से गुजरते हुए आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है। फिल्म में उनके जीवन के जरिए भूखों को भोजन कराने, जरूरतमंदों की मदद करने, बिना भेदभाव लोगों से प्रेम करने और निस्वार्थ सेवा जैसे विचारों को सामने लाने की कोशिश की गई है।
विशाल चतुर्वेदी ने किया निर्देशन
फिल्म का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि 21 वर्षीय अनुप्रिया नागर फिल्म की प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक दर्शन से प्रेरित है।


