1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में यमुना का पानी पिया, केजरीवाल के आरोप का दिया जवाब
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में यमुना का पानी पिया, केजरीवाल के आरोप का दिया जवाब

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में यमुना का पानी पिया, केजरीवाल के आरोप का दिया जवाब

0
Social Share

नई दिल्ली, 29 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को दिल्ली के पल्ला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना नदी के तट पर जाकर वहां से पानी पीया और आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत उनकी पार्टी के नेताओं को उस आरोप का जवाब देने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने हरियाणा भाजपा पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था।

पहली बार में कुल्ला किया, दूसरी बार में पी लिया

यमुना का पानी पीते हुए नायब सिंह सैनी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह दिल्ली सीमा पर स्थित पल्ला गांव के यमुना तट पर नंगे पैर जाते हैं और फिर एक हाथ में पानी लेकर उसे मुंह में भरते हैं। पहली बार में वह पानी को चखकर कुल्ला कर देते हैं, वहीं एक बार फिर पानी हाथ में लेते हैं और इस बार पानी को पी जाते हैं। इसके बाद वह एक बार फिर पानी में हाथ डाल दोनों हाथों को गीला करते हैं, फिर उस पानी के छींटे अपने ऊपर डाल लेते हैं। इसके बाद बाहर आने से पहले वे दोनों हाथों में पानी लेकर तीन बार नदी को अर्घ्य देते हैं और फिर यमुना को प्रणाम कर बाहर आ जाते हैं।

सैनी बोले – आतिशी नहीं आईं, कोई नया झूठ रच रही होंगी

यमुना का पानी पीने के बाद नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया हरियाणा की सीमा पर। आतिशी जी तो आईं नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फरेबियों को पहचान चुकी है। पांच फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है। दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सजा देंगे क्योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है।’

आतिशी ने कहा था – साथ चलते हैं

इससे पहले दिल्ली की सीएम आतिशी ने X पर हरियाणा के सीएम सैनी को टैग करते हुए लिखा था, ‘नायब सैनी जी, मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।’

सैनी ने दिया था जवाब – आपका स्वागत है

फिर सैनी ने आतिशी को जवाब देते हुए लिखा था, ‘AAP-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर (अमोनिया) नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जरूर जहर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।’

गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब हाल ही में दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना नदी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था और इससे कई लोगों के मरने की आशंका जताई थी।

केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ‘लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code