नई दिल्ली, एक जनवरी। नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं! खट्टी-मीठी यादों के साथ वर्ष 2025 की विदाई के साथ ही भारत सहित दुनियाभर के अधिकतर देशों में धूमधड़ाके के बीच 2026 का स्वागत हो रहा है। दिल्ली हो या मुंबई, पटना हो या लखनऊ, देशभर के विभिन्न शहरों में लोग नव वर्ष का जश्न अपने-अपने अंदाज में मना रहे हैं। बुधवार को मध्यरात्रि के 12 बजते ही लोग घरों से बाहर निकले और आतिशबाजी करके 2026 का स्वागत किया। इस अवसर पर एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और मुंह मीठा कराया।

गौरतलब है कि सबसे पहले न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर ने अपनी सबसे ऊंची इमारत स्काई टॉवर से आतिशबाजी करके 2026 का स्वागत किया। उस समय भारत में शाम के साढ़े पांच बज रहे थे, जब 17 लाख की आबादी वाले ऑकलैंड में रात के 12 बजते ही लोगों ने शानदार आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया। इस पांच मिनट के प्रदर्शन में 240 मीटर ऊंचे स्काई टावर की विभिन्न मंजिलों से जोरदार आतिशबाजी की गई। दरअसल, दक्षिण प्रशांत के देशों ने सबसे पहले 2025 को अलविदा कहा।

New Year's celebration in China pic.twitter.com/TiSQ7yTBQg
— Time Capsule Tales (@timecaptales) December 31, 2025
राष्ट्रपति मुर्मु ने नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नव वर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी और सभी से राष्ट्र के विकास, सामाजिक सद्भाव तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नया साल नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि यह आत्म-चिंतन और नए संकल्पों का भी अवसर है। इस मौके पर आइए हम देश के विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें। मुर्मु ने आगे कहा, ‘मेरी कामना है कि 2026 हमारे जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए तथा एक मजबूत और अधिक समृद्ध भारत बनाने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करे।’ उन्होंने देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नए वर्ष के आगमन पर कश्मीर के हिल रिसॉर्ट्स में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने के साथ घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष रूप से गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में असाधारण सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं, ताकि नए साल के जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहें। इनमें पार्क, श्रीनगर की बुलेवार्ड रोड, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग शामिल हैं। वाहनों और यात्रियों की गहन जांच के लिए प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर विशेष चेक प्वॉइंट स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही चेकिंग, गश्त और निगरानी को काफी बढ़ा दिया गया है।
मुंबई में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
माया नगरी मुंबई में पुलिस ने नए वर्ष के जश्न को सुरक्षित बनाने के लिए 17000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड, और जुहू-वर्सोवा बीच जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ड्रोन निगरानी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

दिल्ली में 3000 जवानों ने संभाली कमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नए वर्ष के मौके सुरक्षा के अभूतपूर्व पुलिसिया इंतजाम किए गए। बताया गया कि शहरभर में लगभग 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जो विभिन्न संवेदनशील इलाकों में जन सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। पुलिस ने राजधानी के लोकप्रिय बाजारों, मॉल्स और नाइटलाइफ केंद्रों सहित 60 से अधिक ‘पार्टी जोन’ की पहचान की है, जहां विशेष रूप से गहन जांच की व्यवस्था की गई है।
