Gold Silver Price : सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, शुरुआती कारोबार में 2.5% तक टूटे दाम; जानें आज का भाव

मुंबई, 27 सितंबर। घरेलू वायदा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं के दाम करीब 2.5 प्रतिशत तक नीचे आ गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंता और डॉलर इंडेक्स में मजबूती का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर देखने को मिल रहा है।

MCX पर सोने का भाव फिसला

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अक्टूबर 2026 डिलीवरी वाला सोने का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,50,881 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,50,100 रुपये पर खुला। सुबह 9:50 बजे सोना 2,721 रुपये यानी 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,48,160 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,47,667 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,50,100 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।

चांदी के भाव में भी तेज गिरावट

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। MCX पर 4 दिसंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 2,34,696 रुपये प्रति किलोग्राम की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 2,32,300 रुपये पर खुला। सुबह 9:50 बजे चांदी 5,490 रुपये यानी 2.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,29,206 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। कारोबारी सत्र में अब तक चांदी 2,28,035 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले स्तर और 2,32,300 रुपये के ऊपरी स्तर तक पहुंची।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर

घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं पर दबाव देखा गया। सोना 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,230 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 62.43 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

डॉलर की मजबूती से कीमतों पर दबाव

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी में गिरावट के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बाजार की धारणा और डॉलर इंडेक्स में मजबूती को प्रमुख कारणों में माना जा रहा है। डॉलर इंडेक्स बढ़कर 100.83 पर पहुंच गया है। मजबूत डॉलर आम तौर पर डॉलर में कीमत तय होने वाली कीमती धातुओं पर दबाव डाल सकता है। डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की छह प्रमुख मुद्राओं-यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कनाडाई डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक-के मुकाबले उसकी स्थिति को दर्शाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular