पणजी, 9 दिसम्बर। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के आदेश के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार को वागाटोर बीच पर स्थित लूथरा बंधुओं – सौरभ व गौरव के नाइट क्लब रोमियो लेन को बुलडोजर से गिराना शुरू कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नाइट क्लब के ध्वस्तीकरण का काम मंगलवार शाम शुरू हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसके विजुअल्स वायरल होने लगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की यह काररवाई उन भाइयों की तलाश बढ़ाने के बाद हुई है, जो शनिवार देर रात उनके नाइटक्लब-कम-रेस्टोरेंट, बर्च बाई रोमियो लेन में लगी आग के तुरंत बाद फुकेट (थाईलैंड) भाग गए थे। उस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी। गोवा पुलिस के अनुसार दोनों भाई आग लगने के कुछ ही घंटों बाद रविवार सुबह 5.30 बजे नई दिल्ली-फुकेट इंडिगो फ्लाइट में सवार हुए थे।
दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
अधिकारियों ने कहा कि ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के साथ एक लुकआउट नोटिस पहले ही जारी कर दी गई थी। डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस और पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर नीलेश राणे ने कहा, ‘मुंबई में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से संपर्क किया गया और पता चला कि दोनों आरोपितों ने सात दिसम्बर को सुबह 5.30 बजे 6E 1073 फ्लाइट (नई दिल्ली से फुकेट) ली थी।’
भारतीय एजेंसियां अब फुकेट में दोनों को जियोलोकेट करने के लिए थाई अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेट कर रही हैं और अरेस्ट वारंट के आधार पर उन्हें डिपोर्ट करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि लंबे एक्सट्रैडिशन रूट से बचा जा सके। सोमवार को लूथरा के नॉर्थ दिल्ली वाले घर पर गई पुलिस टीमों ने कहा कि वे उन्हें ढूंढ नहीं पाईं।
गौरतलब है कि गत शनिवार की रात करीब 11.45 बजे रोमियो लेन के पास बर्च में 300 स्क्वायर मीटर की प्रॉपर्टी में आग लग गई। मारे गए 25 लोगों में से 20 स्टाफ मेंबर और पांच टूरिस्ट थे, जिनमें दिल्ली के एक परिवार के चार लोग शामिल थे।
अगले दिन पूर्वाह्न 9.30 बजे दर्ज FIR में गोवा पुलिस ने लूथरा भाइयों और कुछ अनजान लोगों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या (सेक्शन 105), जान और निजी सुरक्षा को खतरे में डालने (125(a)(b)) और आग या जलने वाली चीजों को लापरवाही से संभालने (सेक्शन 287) का केस दर्ज किया।
उसके बाद चार लोगों – चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर, बार मैनेजर राजवीर सिंघानिया और जनरल मैनेजर विवेक सिंह को गिरफ्तार किया गया था। पांचवें व्यक्ति – भरत सिंह कोहली को सोमवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके बारे में बताया गया कि वह मालिकों की तरफ से नाइट क्लब के रोजाना के काम को मैनेज कर रहा था।
