गौतम अदाणी ने पुरी में परिवार संग किए भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन
पुरी, 28 जून। एशिया के शीर्ष कारोबारियों में शुमार व अदाणी ग्रुप ने चेयरमैन गौतम अदाणी ने पुरी की विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को अपने परिवार के भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी भी मौजूद रहे।
‘महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के दर्शन का सौभाग्य पाकर धन्य हुआ’
महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन ने आह्लादित नजर आ रहे गौतम अदाणी ने X पर पोस्ट में लिखा, ‘महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की दिव्य रथ यात्रा के दर्शन का सौभाग्य पाकर धन्य हुआ। भक्तों के बीच साक्षात भगवान को देखना, विनम्रता, सरलता और करुणा की पराकाष्ठा का अनुभव है। यह रथ यात्रा आस्था, सेवा और एकता का विराट स्वरूप है, जो मन, बुद्धि और आत्मा, तीनों को आनंदित कर देती है।’
महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की दिव्य रथयात्रा के दर्शन का सौभाग्य पाकर धन्य हुआ।
भक्तों के बीच साक्षात भगवान को देखना, विनम्रता, सरलता और करुणा की पराकाष्ठा का अनुभव है।
यह रथ यात्रा आस्था, सेवा और एकता का विराट स्वरूप है, जो मन, बुद्धि और आत्मा, तीनों को आनंदित कर देती है।
पुरी… pic.twitter.com/mrc3QvrHq9
— Gautam Adani (@gautam_adani) June 28, 2025
अदाणी ने आगे लिखा, ‘पुरी की इस पवित्र भूमि पर, लाखों भक्तों के साथ इस अद्भुत अनुभव का साक्षी बनना, सदैव मेरे जीवन की अनमोल स्मृतियों में शामिल रहेगा। मैं प्रदेश सरकार, पुरी प्रशासन और उन हजारों सेवा-समर्पित कर्मियों को हृदय से धन्यवाद देता हूं, जिनके समर्पण और अनुशासन से यह आयोजन इतनी श्रद्धा और भव्यता से संपन्न हो रहा है। महाप्रभु की कृपा पावन राज्य ओडिशा समेत, भारत और भारतवासियों पर सदा बनी रहे। जय जगन्नाथ!’
रथ यात्रा में लगभग 40 लाख भक्तों व सेवादारों को भोजन की व्यवस्था
उल्लेखनीय है कि अदाणी समूह ने प्रयागराज महाकुम्भ की तरह ही पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भी भक्तों के लिए ‘प्रसाद सेवा’ की व्यवस्था की है। रथ यात्रा में शामिल होने वाले लाखों भक्तों और सेवादारों को अदाणी ग्रुप भोजन उपलब्ध करा रहा है। 26 जून से शुरू इस व्यवस्था के तहत आठ जुलाई तक, अदाणी ग्रुप करीब 40 लाख लोगों को भोजन और पानी वितरित कराएगा।
अदाणी परिवार ने प्रसाद सेवा में भी भागीदारी की
गौतम अदाणी शनिवार को ही पुरी पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। मंदिर में 20 मिनट तक दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने भगवान के रथों की पूजा की। इसके बाद उन्होंने इस्कॉन के उस किचन का भी दौरा किया, जहां पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन बनाया जा रहा है। फिर उन्होंने प्रसाद सेवा में हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और खुद भी ग्रहण किया।
प्रयागराज महाकुम्भ में भी की थी महाप्रसाद सेवा
स्मरण रहे कि अदाणी समूह ने इसी वर्ष प्रयागराज में संपन्न महाकुम्भ मेले में भी इस्कॉन और गीता प्रेस की मदद से बड़े पैमाने पर भोजन की व्यवस्था की थी। 21 जनवरी को समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने खुद परिवार संग महाकुम्भ पहुंचकर महाप्रसाद सेवा में भाग लिया था।
