फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम मोदी संग ‘आरी-आरी’ गाने पर शेयर किया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल

नई दिल्ली, 15 जून। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बॉलीवुड फिल्म धुरंधर-2 के सुपरहिट गाने ‘आरी-आरी’ के साथ एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह पीएम मोदी के साथ दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग इसे दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों से जोड़कर देख रहे हैं।

इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों के साथ आज की मीटिंग बहुत फायदेमंद रही। हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को देखते हुए, हमने अपने संबंधों को एक विशिष्ट व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है। हमारी बातचीत रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष, सुरक्षा, काउंटर-टेररिज्म, इनोवेशन जैसे खास क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर फोकस रही।’

एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, ‘भारत और फ्रांस अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। इस मामले में भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से बहुत ज्यादा बढ़ावा मिलेगा। हम जरूरी मिनरल्स और तकनीक में सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए आर्थिक सुरक्षा पर एक डायलॉग भी शुरू कर रहे हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा दूसरे क्षेत्र हैं जिनमें हम मिलकर काम करेंगे।’

वहीं, मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी साझा कर ‘नाइस’ लिखा था। पीएम मोदी ने इसे रिशेयर कर लिखा, ‘नीस में आपसे मिलकर खुशी हुई। यात्रा का पहला चरण बेहद सफल और सार्थक रहा। भारत-फ्रांस साझेदारी नई ऊंचाइयों को छूती रहेगी। एवियन और पेरिस में मिलते हैं।’

नीस में दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, ‘दोनों नेताओं ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता को जल्द लागू करने की मांग की, जो आपसी व्यापार और निवेश को बढ़ाने का एक खास मौका देता है। नेताओं ने एसएमई, एविएशन और रेलवे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की। उन्होंने कानपुर में एरोनॉटिक्स में स्किलिंग के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) बनाने के समझौते का स्वागत किया। आर्थिक सुरक्षा पर डायलॉग शुरू करने का स्वागत करते हुए, दोनों नेता सप्लाई चेन की मजबूती, खासकर जरूरी मिनरल्स को मजबूत करने पर सहमत हुए।’

पीएम मोदी नीस से ब्रातिस्लावा पहुंचे

नीस में दिनभर व्यस्त कार्यक्रमों के बाद पीएम मोदी रविवार की रात ही स्लोवाकिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 1993 में चेकोस्लोवाकिया के विखंडन से स्लोवाकिया की आजादी के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है।

पीएम मोदी इस दौरे में प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत करेंगे और सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे। वह साथ ही राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकत करेंगे। 16 जून को पीएम मोदी फिर फ्रांस लौटेंगे, जहां 16-18 जून तक आयोजित G7 समिट में भागीदारी करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular