1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का आरोप – अपनी गलतियों में सुधार की बजाय नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है भाजपा
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का आरोप – अपनी गलतियों में सुधार की बजाय नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है भाजपा

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का आरोप – अपनी गलतियों में सुधार की बजाय नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है भाजपा

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 फरवरी। सामान्यतः खामोश रहने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान पहली बार मुखर हुए और उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर जमकर प्रहार करते हुए न सिर्फ राष्ट्रवाद के उसके नारे को देश को बांटने वाला करार दिया वरन यह भी आरोप लगाया कि यह पार्टी अपनी गलतियों में सुधार की बजाय दिवंगत प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है।

दरअसल, कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डॉ. मनमोहन सिंह का एक वीडियो संदेश अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में पोस्ट किया है। पंजाब की जनता के लिए जारी नौ मिनट से ज्यादा अवधि के इस वीडियो संदेश में मनमोहन सिंह ने भाजपा पर यह हमला किया है। उन्होंने कहा कि 7.5 साल सरकार चलाने के बाद वे अपनी गलती मानने और सुधार करने को तैयार नहीं है। सरकार देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है।

डॉ. मनमोहन सिंह ने वीडियो की शुरुआत में कहा कि उनकी बड़ी इच्छा थी कि वह गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मणिपुर में जाकर लोगों से देश और सूबे के हालातों पर जाकर चर्चा करें। लेकिन मौजूदा स्थिति के बीच और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वह वीडियो के माध्यम से जनता से बात कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी

उन्‍होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी का राष्‍ट्रवाद अंग्रेजों के ‘फूट डालो और शासन करो’ की नीति पर आधारित है। मैं मानता हूं कि प्रधानमंत्री के पद का एक खास महत्व होता है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा।’

पंजाब के लोगों को दिए अपने संदेश में डॉ. मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा चूक मामले में भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक मामले पर बीजेपी ने पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी और पंजाब की जनता का अपमान करने की कोशिश की थी।

गौरतलब है कि पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव होने हैं। सूबे की 117 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा जबकि चुनाव परिणाम 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार है और चेहरा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code