1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल अब भाजपा में संभालेंगे प्रवक्ता की जिम्मेदारी
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल अब भाजपा में संभालेंगे प्रवक्ता की जिम्मेदारी

कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल अब भाजपा में संभालेंगे प्रवक्ता की जिम्मेदारी

0
Social Share

नई दिल्ली, 2 दिसम्बर। कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस पार्टी को छोड़ने के तीन महीने बाद उन्हें शुक्रवार को पार्टी प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

शेरगिल की गिनती एक तेज तर्रार युवा नेता में की जाती है। वह पेशे से वकील हैं और युवा कांग्रेस नेताओं में प्रमुख थे। कांग्रेस छोड़ने से पहले शेरगिल ने शीर्ष नेतृत्व की तीखी आलोचना की थी। उन्होंने 24 अगस्त को अपना इस्तीफा यह दावा करते हुए दिया कि निर्णय लेने वालों की दृष्टि अब युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं है।

कैप्टन अमरिंदर, सुनील जाखड़ व स्वतंत्रदेव सिंह राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

इस बीच भाजपा ने एक बयान जारी कर कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ के साथ-साथ पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी ने कहा कि मदन कौशिक, विष्णु देव साई, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, मनोरंजन कालिया और पंजाब से अमनजोत कौर रामूवालिया को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख जाखड़ ने भी इस वर्ष मई में कांग्रेस से नाता तोड़ लिया था जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह को पिछले वर्ष पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटा दिए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। 1969 में राजनीति में शामिल होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़ने के बाद अपना राजनीतिक दल पंजाब लोक कांग्रेस बनाया। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर दिया था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code