1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े भाजपा के महासचिव, पूर्व कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला बने राष्ट्रीय प्रवक्ता
महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े भाजपा के महासचिव, पूर्व कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला बने  राष्ट्रीय प्रवक्ता

महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े भाजपा के महासचिव, पूर्व कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला बने राष्ट्रीय प्रवक्ता

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी टीम में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को महासचिव नियुक्त किया है। इसी क्रम में बिहार के ऋतुराज सिन्हा और झारखंड की आशा लकड़ा को राष्ट्रीय सचिव जबकि पश्चिम बंगाल की भारती घोष और कांग्रेस के पूर्व नेता शहजाद पूनावाला को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री विनोद तावड़े को प्रोन्नत कर राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई। विनोद तावड़े अब तक नड्डा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में सचिव के पद पर थे और वह हरियाणा का प्रभार संभाल रहे थे। उन्हें प्रोन्नत कर राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों में अब 8 महासचिव

अरुण सिंह के अलावा कैलाश विजयवर्गीय, दुष्यंत गौतम, डी. पुरंदेश्वरी, सी.टी रवि, तरुण चुग और दिलीप सैकिया वर्तमान में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अब इसमें नया नाम तावड़े का जुड़ गया है।

भाजपा की बिहार इकाई में पदाधिकारी रह चुके ऋतुराज सिन्हा पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य आर.के. सिन्हा के पुत्र हैं जबकि आशा लकड़ा रांची की महापौर हैं। भारती घोष भारतीय पुलिस सेवा की पूर्व अधिकारी हैं। वह 2019 में भाजपा में शामिल हो गई थीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code