वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद भारत सरकार का आया जवाब, विदेश मंत्रालय ने बताया क्या है प्लान

नई दिल्ली, 4 जनवरी। वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिका ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस हमले के बाद अब भारतीय विदेश मंत्रालय का भी जवाब आ गया। विदेश मंत्रालय ने इस मामले में सरकार का पक्ष रखा है और सरकार के अगले कदम के बारे में बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह काराकस स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में बना हुआ है।

क्या कहा भारतीय विदेश मंत्रालय ने

विदेश मंत्रालय ने कहा कि वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रम बेहद चिंताजनक हैं। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के प्रति अपना समर्थन दोहराता है। हम सभी संबंधित पक्षों से क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान निकालने का आह्वान करते हैं। काराकस स्थित भारतीय दूतावास के साथ भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करना जारी रखेगा।

गैर जरूरी यात्रा करने से बचें भारतीय नागरिक

भारत सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि भारत के नागरिक वेनेजुएगा की गैर जरूरी यात्रा करने से बचें। हालात वहां अभी ठीक नहीं हैं। वहां मौजूद नागरिकों को भी सुरक्षित रहने के लिए कहा गया है।

अमेरिका ने शनिवार सुबह को वेनेजुएला पर कर दिया था हमला

बता दें कि अमेरिकी सेना ने शनिवार सुबह को वेनेजुएला पर हमला करके वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना को लेकर ताजा अपडेट दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी एक अमेरिकी युद्धपोत पर सवार हैं और उन्हें न्यूयॉर्क में मुकदमे का सामना करना होगा।

फिलहाल अमेरिका वेनेजुएला में शासन चलाएगा

इसके अलावा राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सत्ता का सुरक्षित हस्तांतरण होने तक अमेरिका वेनेजुएला का प्रशासन चलाएगा। ट्रंप ने कहा कि मादुरो को सत्ता से अपदस्थ किये जाने बाद अमेरिका वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार का दोहन करेगा और अन्य देशों को ‘बड़ी मात्रा’ में तेल बेचेगा।

संयुक्त राष्ट्र ने बताया अमेरिका का खतरनाक कदम

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने वेनेजुएला और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई पर चिंता जताते हुए कहा कि ये घटनाक्रम ‘‘खतरनाक मिसाल’’ कायम करते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular