दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

तेल अवीव/रियाद, 30 सितम्बर। दुबई से बुधवार को तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान का रास्ता अचानक बदल दिया गया और अफरातफरी के बीच इस विमान की सऊदी अरब के तबुक हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। फिलहाल विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

इजराइली मीडिया ने कहा – पायलटों के बीच झगड़े से उपजी आपात स्थिति

दरअसल, इस विमान ने अपहरण की सूचना देने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक कोड भेजा था। इसके बाद इजराइली लड़ाकू विमानों को तुरंत रवाना किया गया। फिलहाल कुछ देर बाद ही इजराइली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि दोनों पायलटों के बीच झगड़ा हो गया था, इस कारण आपात स्थिति पैदा हुई।

विमान में 150 लोग सवार थे, उनमें अधिकतर इजराइली शामिल

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि फ़्लाईदुबई की उड़ान के सऊदी अरब की ओर मुड़ने को विमान अपहरण की घटना नहीं माना जा रहा है। विमान में करीब 150 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर इजराइली थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीचे आते समय विमान ने कुछ समय के लिए आपात स्थिति का संकेत दिया और मैन्युअल तरीके से दिशा बदलते हुए नीचे उतरने लगा। इसके बाद विमान ने उस कोड का प्रसारण किया, जिसका इस्तेमाल विमान के अपहरण की सूचना देने के लिए किया जाता है।

इजराइली पीएम नेतन्याहू व रक्षा मंत्री काट्ज की आपात बैठक

वहीं घटना के बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री काट्ज ने एक आपातकालीन सुरक्षा परामर्श बैठक बुलाई। हालांकि, एक सुरक्षा सूत्र ने बाद में स्पष्ट किया, ‘विमान अपहरण के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है, पायलट ने संकट संकेत भेजा था।’

फ्लाई दुबई विमान ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से सुबह 7.05 बजे उड़ान भरी और उसे पूर्वाह्न 9.30 बजे के आसपास बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उतरना था। लेकिन लगभग डेढ़ घंटे की उड़ान के बाद जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही विमान ने कोड 7700 (अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन और संकट कोड) और फिर कोड 7500 प्रसारित किया, जो अपहरण का संकेत था। उसी समय विमान वापस मुड़ गया और सऊदी अरब के आसमान में लौट आया और कम ऊंचाई पर उड़ने लगा। दक्षिण की ओर उड़ने के बाद यह सऊदी अरब के भीतर पश्चिम की ओर मुड़ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular