ईटानगर, 15 अगस्त। अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में स्थिति गंभीर हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम दिबांग घाटी जिले में अचानक आई बाढ़ और अपर सुबनसिरी जिले में हुए भूस्खलन से चार लोगों की मौत की खबर है जबकि सेना के पांच जवान लापता बताए जा रहे हैं।
सेना के अस्थायी कैंप बहे, 2 जवानों को बचाया गया, 5 की तलाश जारी
दिबांग घाटी जिले में अचानक आई बाढ़ की चपेट में सेना के दो अस्थायी आश्रय आ गए। बाढ़ के तेज बहाव में सात जवान बह गए। इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि पांच जवान अब भी लापता हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
खराब मौसम के बीच जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) तेजपुर के अनुसार, आसपास की चौकियों से कई बचाव दल घटनास्थल पर भेजे गए हैं। खराब मौसम, जलभराव और कठिन रास्तों के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
लापता जवानों को खोजने के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की टीमें तैनात की गई हैं। आईटीबीपी (ITBP) की 58वीं बटालियन, सीमा सड़क संगठन की 62 आरसीसी (GREF), स्थानीय स्वयंसेवक और अरुणाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर काम कर रही हैं।
सड़क निर्माण स्थल पर हुआ भीषण भूस्खलन
अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर भारी बारिश के कारण बड़ा भूस्खलन हुआ। हादसे के समय कई मजदूर वहां काम कर रहे थे। भूस्खलन के बाद कई लोग मलबे में दब गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रोन्या मारबोम के अनुसार, अब तक एक शव बरामद किया जा चुका है जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
अधिकारियों के अनुसार बाढ़ और भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि कई लोगों की तलाश अब भी जारी है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

