1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. अफ्रीकी संघ का जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में स्वागत करने को लेकर उत्साहित है यूरोपीय संघ
अफ्रीकी संघ का जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में स्वागत करने को लेकर उत्साहित है यूरोपीय संघ

अफ्रीकी संघ का जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में स्वागत करने को लेकर उत्साहित है यूरोपीय संघ

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 सितंबर। यूरोपीय संघ ने शुक्रवार को कहा कि वह नयी दिल्ली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में समूह के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ का स्वागत करने को लेकर उत्साहित है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे जी20 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले यह बात कही।

मिशेल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यूरोपीय संघ जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ का स्वागत करने को लेकर उत्साहित है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यूरोपीय संघ जी20 में अफ्रीकी संघ को शामिल किए जाने का समर्थन करता है।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जून में जी20 नेताओं को पत्र लिखकर नयी दिल्ली में होने वाले शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को इस समूह की पूर्ण सदस्यता दिए जाने की पैरवी की थी।

इसके कई सप्ताह बाद जुलाई में कर्नाटक के हम्पी में हुई जी20 शेरपा की तीसरी बैठक में इस प्रस्ताव को शिखर सम्मेलन के लिए घोषणापत्र के मसौदे में औपचारिक रूप से शामिल किया गया था। प्रस्ताव पर अंतिम फैसला जी20 शिखर सम्मेलन में लिया जाएगा। अफ्रीकी संघ 55 सदस्य देशों का प्रभावशाली संगठन है जिसमें अफ्रीकी महाद्वीप के देश शामिल हैं। यूक्रेन संकट पर मिशेल ने कहा कि यूक्रेन में निर्दोष नागरिकों पर रूस के हमले जारी हैं और यूरोपीय संघ, यूक्रेन का समर्थन करता रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन संकट पर यूरोपीय संघ की स्थिति बिल्कुल साफ है। हम यूक्रेन के खिलाफ रूस के आक्रमण की निंदा करते हैं। हम यूक्रेन संकट को हल करने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति के शांति फॉर्मूले का समर्थन करते हैं।’’ यह पूछने पर कि क्या जी20 के नेता यूक्रेन संघर्ष पर मतभेदों के बावजूद घोषणापत्र जारी करेंगे, इस पर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि अभी बातचीत चल रही है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code