निर्वाचन आयोग ने की SIR के तीसरे चरण की घोषणा : 16 राज्यों व 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 20 मई से अभियान

नई दिल्ली, 14 मई। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल व असम सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को 16 राज्यों व तीन केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी। यह अभियान 20 मई से अलग-अलग तरीकों से शुरू होगा।

तीसरे चरण के बाद सिर्फ हिमाचल, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख बचेंगे

चुनाव आयोग ने कहा कि, जनगणना के तहत चल रहे घरों की लिस्टिंग के साथ कॉमन फील्ड मशीनरी को ध्यान में रखते हुए SIR फेज 3 का शेड्यूल तय किया गया है। इस बाबत संबंधित मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। SIR का तीसरा फेज पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरा देश कवर हो जाएगा।

इन राज्यों में शुरू होने जा रही एसआईआर प्रक्रिया

जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची को सही करने के लिए SIR प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, उनमें ओडिशा, मिजोरम, मणिपुर, सिक्किम, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, नागालैंड और त्रिपुरा शामिल हैं। तीसरा चरण पूरा होने के बाद पोल पैनल हिमाचल प्रदेश, जम्मू व कश्मीर और लद्दाख के लिए SIR शेड्यूल की घोषणा करेगा।

CEC ज्ञानेश कुमार की अपील – पूरे जोश के साथ SIR में हिस्सा लें मतदाता

इस बीच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने सभी मतदाताओं से SIR के तीसरे चरण में पूरे जोश के साथ हिस्सा लेने और अपने एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) भरने की अपील की है।

SIR के तीसरे चरण में 36.73 करोड़ मतदाताओं को कवर किया जाएगा

आयोग ने बताया कि एसआईआर फेज 3 के दौरान, 3.94 लाख से ज्यादा बूथ स्तर के अधिकारी 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाएंगे। एसआईआर का तीसरा चरण दिल्ली में होगा, जहां सात अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदाता सूची का एसआईआर पूरे देश को कवर करेगा। इसी क्रम में आयोग ने वोटरों से अपील करते हुए कहा कि वे SIR के तीसरे फेज में पूरे जोश के साथ हिस्सा लें और अपने एन्यूमरेशन फॉर्म भरें।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि SIR इस मकसद से किया जा रहा है कि मतदाता सूची में सिर्फ पात्र मतदाता ही शामिल हों और कोई भी अयोग्य नाम शामिल न हो। इसी क्रम में आयोग ने सभी राजनीतिक पार्टियों से हर पोलिंग बूथ के लिए BLA नियुक्त करने की अपील की है, ताकि राजनीतिक पार्टियों की पूरी भागीदारी सुनिश्चित हो सके और SIR पूरी पारदर्शी और राजनीतिक पार्टियों की पूरी भागीदारी के साथ किया जा सके।

SIR के पहले दो फेज में लगभग 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया

SIR के पहले दो फेज में 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SIR के आदेश की तारीख तक लगभग 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया था। SIR प्रक्रिया के अलग-अलग चरण में 6.3 लाख से ज्यादा बीएलओ और राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त किए गए 9.2 लाख बीएलए शामिल थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular